विदिशा। जिले के मुरवास थाना क्षेत्र के एक गांव में सोमवार-मंगलवार की रात दो युवकों ने करीब 32 वर्षीय महिला से बुरी तरह मारपीट कर दुष्कर्म किया। विरोध करने पर गला दबाकर उसके पति की हत्या कर दी और फरार हो गए। मुरवास पुलिस ने पीड़िता के हवाले से बताया कि वह अपने 35 वर्षीय पति के साथ खेत पर बने टपरे में रहती है। रात करीब 10 बजे पति के परिचित व गांव के ही निवासी सुनील कुशवाह और मनोज अहिरवार उसके घर आए। उन दोनों ने पति के साथ बैठकर शराब पी। शराब पीने के बाद सुनील उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा। उसने और पति ने विरोध किया, तो सुनील उसके साथ मारपीट करता हुआ जबरिया खींचकर घर के पीछे ले गया।
जबकि मनोज ने पति को घर में ही पकड़कर मारपीट की। सुनील ने घर के पीछे महिला से दुष्कर्म किया। वह जब उससे छूटकर अंदर आई, तो पति मृत पड़ा था और मनोज गायब था। यह देखकर सुनील भी भाग गया। सूचना पर मुरवास थाना प्रभारी सुरेश शर्मा सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। शव बरामद कर पीएम के लिए अस्पताल पहुंचाया। मंगलवार को पीएम कराया गया।
पीएम रिपोर्ट में पाया है कि गला घोंटकर उसकी हत्या की गई है। वहीं पीड़िता का उपचार कराया गया। उसके चेहरे और शरीर पर कई जख्म हैं। लटेरी एसडीओपी बीएस सिसोदिया के मुताबिक पीड़िता की रिपोर्ट पर आरोपित सुनील और मनोज पर हत्या, मारपीट व दुष्कर्म का केस दर्ज किया है। आरोपितों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
