आगर-मालवा/ (मध्यप्रदेश)। जिले के सुसनेर थाना क्षेत्र के ग्राम मेहतपुर में एसिड अटैक का मामला सामने आया है। पति ने अपनी पत्नी पर एसिड अटैक किया है। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घरेलू विवाद में हुई इस दिल दहला देेने वाली घटना के बाद आरोपित पति फिलहाल फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
पति ने दूध का फेट निकालने में काम आने वाला एसिड निकाला और घर पर सो रही पत्नी पर फेंक दिया। महिला की पीठ अधिक झुलसी है। 3 वर्ष का बालक मां लाडकुंवर के पास सो रहा था। हालांकि उसको कुछ नहीं हुआ।
घरेलू विवाद के बाद डाला एसिड:-
एसिड गिरने से 25 वर्षीय महिला गंभीर घायल हुई है। घरेलू विवाद के बाद सोमवार देर रात घर में सो रही महिला पर गुस्साए पति ने एसिड डाल दिया। महिला को गंभीर हालत में उज्जैन रैफर किया गया है।
भाईदूज पर मायके जाना चाहती थी महिला:-
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार सुसनेर थाना क्षेत्र के ग्राम मेहतपुर निवासी 25 वर्षीय महिला भाईदूज त्यौहार पर मायके जाना चाहती थी लेकिन उसका पति माऊसिंह उसे नहीं भेजना चाहता था। इसके चलते दोनों में कुछ दिनों से विवाद चल रहा था।
देर रात को पति-पत्नी में फिर हुआ विवाद:-
जानकारी के अनुसार देर रात को इसी बात को लेकर दोनों में विवाद बढ़ गया था। बताया जाता है कि रात के ढाई बजे गुस्साए पति ने घर में सो रही पत्नी पर घर में रखा एसिड फेंक दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
प्राथमिक उपचार के बाद महिला को उज्जैन भेजा:-
महिला को प्राथमिक उपचार के बाद उज्जैन रैफर किया गया। जानकारी लगने पर सुसनेर पुलिस ने धारा 307 व 326A में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं फिलहाल आरोपिता पति माउसिंह फरार बताया जा रहा है।
