Breaking

Thursday, October 31, 2019

चरित्र संदेह पर पत्नी की हत्या कर बोरे में भरकर ठिकाने लगाने ले जा रहा था शव, गिरफ्तार

सतना/(मध्यप्रदेश)। शहर के कोलगवां थानांतर्गत टिकुरिया टोला में चरित्र संदेह पर पति ने मंगलवार देररात पत्नी को पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। हत्या करने के बाद आरोपित पति शव को बोरे में भरकर ठिकाने लगाने जा रहा था। तभी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
कोलगवां थाना टीआई मोहित सक्सेना ने बताया कि आरोपित पति राजेश पाल (41) टिकुरिया टोला में जगदीश प्रसाद कुशवाहा के यहां किराए से रहता है। मंगलवार की देर रात राजेश की पत्नी पूजा के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। दोनों के बीच मामला इतना बढ़ गया कि राजेश ने पूजा के साथ मारपीट कर पास में रखे पत्थर के लोढ़े से कई बार उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई।
पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपित पति पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए पत्नी के शव को बोरे में भरकर सुबह करीब 9 बजे उसे ठिकाने लगाने जा रहा था। तभी किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर बोरे में बंद शव को बरामद कर आरोपित पति को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपित पति पहले सब्जी का ठेला लगाता था और अभी दूध डेयरी में काम करता है। 
ये है घटना की मुख्य वजह:-
पुलिस के मुताबिक आरोपित पत्नी पर चरित्र संदेह करता था। आसपास के लोगों ने पुलिस को बताया कि राजेश का पत्नी के साथ अक्सर किसी बात को लेकर विवाद होता था। राजेश पत्नी को जान से मारने की धमकी भी देता था। मृतका पूजा पाल 10 दिन के लिए घर से कहीं बाहर चली गई थी। इसके बाद वह घटना के दो-तीन दिन पहले ही वापस लौटी थी। कोलगवां पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर घटनास्थल से दो बोरे व एक पत्थर बरामद किया है।
इनका कहना है:-
आरोपित पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपित अपनी पत्नी पर चरित्र संदेह करता था। इसके कारण उसने उसकी हत्या कर दी।
-मोहित सक्सेना, टीआई थाना कोलगवां