Breaking

Wednesday, December 18, 2019

टीवी एक्ट्रेस पर राजधानी में मनचलों ने पहले किए अश्लील कमेंट्स, विरोध करने पर अभिनेत्री की मारपीट

भोपाल, (मध्यप्रदेश)। बस स्टैंड के पास खाना खाकर होटल से बाहर निकली एक टीवी एक्ट्रेस पर वहां खड़े मनचलों ने अश्लील कमेंट्स कर दिए। युवती और उसके साथियों ने विरोध किया तो आरोपितों ने अभिनेत्री के साथ मारपीट कर दी। घटना सोमवार रात एक बजे नादरा बस स्टैंड पर हुई। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज किया है। घटना स्थल के पास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपितों की पहचान की जा रही है। हनुमानगंज थाना पुलिस के मुताबिक मूलत: इंदौर की रहने वाली 22 वर्षीय युवती मुंबई में विभिन्न टीवी सीरियल में काम करती है। पूर्व में उसके साथ काम कर चुकी एक सहेली गांधी नगर इलाके में रहती है। टीवी एक्ट्रेस दो दिन पहले सहेली की जन्मदिन पार्टी में शामिल होने के लिए मुंबई से भोपाल आई थी।
सोमवार रात को अभिनेत्री और उसकी सहेली अपने एक दोस्त के साथ नादरा बस स्टैंड स्थित होटल पर गई थी। रात करीब एक बजे खाना खाने के बाद वे लोग बस स्टैंड पर पहुंचे, तभी वहां खड़े कुछ मनचलों ने अभिनेत्री पर अश्लील कमेंट्स किए। इसके बाद टीवी एक्ट्रेस और उसके साथ मौजूद दोस्त कमेंट कर रहे मनचलों को पास पहुंचे और इसका विरोध किया तो उन्होंने एक्ट्रेस और उसके साथियों को पीटना शुरू कर दिया। मारपीट करने के बाद वे वहां से भाग गए। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। एएसआई घूमेंद्र सिंह ने बताया कि अभिनेत्री की शिकायत पर अज्ञात युवकों के खिलाफ छेड़छाड़, मारपीट करने का केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।