भोपाल। महिला एवं बाल विकास मंत्री इमरती देवी ने उनके डबरा इलाके में बंद हुई रेत खदानों को लेकर बवाल मचा दिया है। इमरती देवी ने सीएम कमलनाथ को पत्र लिखकर पूछा है कि केवल उनके इलाके की रेत खदानें ही बंद क्यों की गई है। बाकी पूरे प्रदेश की रेत खदानें चल रही है। दरअसल, कुछ दिन पूर्व उनके इलाके की खदानों को मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर की शिकायतों के बाद बंद कर दिय गया था। इसके बाद से रेत खनन को लेकर जमकर विवाद चल रहा है।
पूरा खेल मंत्री इमरती देवी के समर्थकों की डबरा व आस-पास के क्षेत्र में संचालित खदानों के बंद होने से शुरू हुआ है। पहले प्रद्युम्न सिंह तोमर ने इमरती के समर्थकों की ६ खदानों को बंद करा दिया। इस पर इमरती देवी ने नाराज होकर ९ दिसंबर को प्रदूषण के नाम पर प्रद्युम्न समर्थकों की गिट्टी क्रेशर की शिकायत कर दी। तब, ग्वालियर के जिला प्रशासन ने इमरती की शिकायत पर बिलुआ व आस-पास के क्षेत्र में प्रद्युम्न समर्थकों के क्रेशर की मंजूरी निलंबित कर दी। अब इमरती देवी ने २४ दिसंबर को सीएम कमलनाथ को पत्र लिखा है कि उनके डबरा व आस-पास के क्षेत्र की ६ खदानों को शुरू किया जाए। इसमें लिखा गया है कि पहले खदानों को जिन कमियों के कारण बंद किया गया था, उनकी अब पूर्ति कर दी गई है। खदानों के आस-पास विकास कार्य कर दिया गया है।
इनका कहना है:-
मैंने मुख्यमंत्री से पूछा है कि जब सरकार ने खदाने दी हैं प्रदेश भर में चल रही हैं तो मेरे क्षेत्र में क्यों बंद की गईं। मैंने सीएम को पत्र लिखा है, उसे कोई भी पढ़ सकता है। मेरा किसी मंत्री से कोई विवाद नहीं है।
-इमरती देवी, मंत्री महिला एवं बाल विकास विभाग-
