भोपाल। कटारा हिल्स स्थित अमलतास टॉवर के एसबीआई एटीएम में क्लोनिंग करने वाले युगांडा के जालसाज को भोपाल सायबर क्राइम पुलिस ने बेंगलुरु से गिरफ्तार कर लिया है। उसने साथी के साथ मिलकर दो बार स्कीमर लगाया था। ऑनलाइन खरीदा गया स्कीमर उसने 15 अक्टूबर की रात 12 बजे लगाया, जिसे 16 अक्टूबर की सुबह सात बजे निकाल भी लिया। इन 7 घंटों में एटीएम का ज्यादा इस्तेमाल नहीं हो सका, इसलिए उन्होंने सात नवंबर को दोबारा स्कीमर लगा दिया।
डीआईजी इरशाद वली के मुताबिक सायबर क्राइम की टीम को सीसीटीवी फुटेज में नजर आ रहे जालसाज की लोकेशन बेंगलुरु में मिली थी। टीम ने अजिथ लेआउट, बेंगलुरु से मुकासा एंड्रयू को गिरफ्तार कर लिया। वह कटारा में रहने वाले दोस्तों से मिलने भोपाल आया था। यहीं स्कीमर लगाया और उसे निकालकर ले गया। बेंगलुरू जाकर क्लोनिंग की व 8 लोगों के खाते से करीब 3 लाख रुपए निकाले। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से स्कीमर जब्त कर लिया है। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश कर तीन दिन की रिमांड पर लिया है।
हवाला के जरिए... युगांडा भेज दिए दो लाख रुपए:-
एएसपी संदेश जैन के मुताबिक आरोपी बेहद शातिर है। स्टूडेंट वीजा पर वर्ष 2018 में युगांडा से भारत आया मुकासा बेंगलुरु की एक एकेडमी से बेचलर ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट कर रहा है। वह 2021 तक भारत में रुकेगा। पुलिस को उसके वीजा में कुछ कमियां नजर आई हैं, जिसकी जांच करवाई जा रही है। पूछताछ में उसने कबूल किया है कि ठगी गई रकम में से दो लाख रुपए हवाला के जरिए युगांडा भेजे गए।
6 महीने में बदले 50 से ज्यादा सिमकार्ड:-
पूछताछ में मुकासा द्वारा 8-10 शहरों में वारदात की बात सामने आ रही है। छह महीने में उसने 50 से ज्यादा सिमकार्ड बदले हैं। व्हाट्सएप चलाने के लिए वह युगांडा के सिमकार्ड का ही इस्तेमाल करता है।