दिल्ली। मध्यप्रदेश से गायब कांग्रेस विधायकों का ठिकाना बेंगलुरू में है। कांग्रेस विधायक भोपाल से दिल्ली पहुंच रहे हैं और वहां से चार्टर प्लेन के जरिए बेंगलुरू पहुंच जा रहे हैं। रविवार को ही बेंगलुरू से कांग्रेस विधायक बिसाहूलाल सिंह को लाया गया था। अब कहा जा रहा है कि मंत्री समेत कांग्रेस 17 विधायक बेंगलुरू में हैं, जिनके फोन बंद हैं। साथ ही उनके लोग भी कुछ जानकारी नहीं दे रहे हैं।
इस बीच एक चार्टर विमान से जाने वाले विधायकों की सूची सामने आई है। ये लोग एक प्राइवेट प्लेन से दिल्ली से बेंगलुरू गए हैं। बेंगलुरू जाने वाले विधायकों औ मंत्रियों की सूची में राजवर्धन सिंह, मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर, बंकिम सिलावट, गिर्राज दंडोतिया, मीस रक्षा, जसवंत जाटव, सुरेश धाकड़, जजपाल सिंह, बृजेंद्र यादव और पुरुषोतम पराशर हैं। ये सभी लोग सिंधिया गुट के हैं।
कोई संपर्क नहीं:-
इन सभी लोग के फोन बंद बताए जा रहे हैं। पार्टी इनसे कोई संपर्क स्थापित नहीं कर पा रही है। इस बीच भोपाल में खलबली बढ़ गई। क्योंकि इतनी बड़ी संख्या में विधायकों के गायब होने के बाद कमलनाथ सरकार की टेंशन बढ़ गई है। अगर इन्हें नहीं मनाया जाता है तो सरकार पर संकट बढ़ जाएगा। जैसे ही विधायकों की बगावत बढ़ेगी, वैसे ही बीजेपी सदन में अविश्वास प्रस्ताव लाने की मांग करेगी।
सिंधिया को मिल सकती है जिम्मेदारी:-
साथ ही यह खबर आ रही है कि कमलनाथ के साथ ज्योतिरादित्य सिंधिया भी दिल्ली से लौट रहे हैं। साथ ही कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया जा रहा है कि कमलनाथ यहां पहुंचने के बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने की घोषणा कर सकते हैं। ऐसे में सबकी निगाहें दोनों के भोपाल लौटने पर टिकी है। आखिर क्या कुछ निर्णय होता है।
मंत्री पहुंचने लगे भोपाल:-
वहीं, कमलनाथ और दिग्विजय सिंह खेमे के मंत्री अब भोपाल पहुंचने लगे हैं। प्रदेश के दूसरे हिस्से में मौजूद मंत्रियों को हेलीकॉप्टर भेजकर भोपाल बुलाया जा रहा है। ऐसे में यह कयास लगाए जा रहे हैं कि सिंधिया को लेकर सीएम के लौटने के बाद कोई बड़ी घोषणा हो सकती है। साथ ही मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर भी बड़ा फैसला हो सकता है।

