भोपाल. मध्य प्रदेश में राजनीतिक हलचल के बीच बीजेपी विधायक दल की बैठक खत्म हो गई है. इस बैठक में पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान, नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव और नरोत्तम मिश्रा मौजूद रहे. लेकिन इस बार लगता है कि पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान के लिए खतरे की घंटी बज गई है. दरअसल इस बैठक में कुछ बीजेपी कार्यकर्ताओं ने राजनीति में उनके जूनियर नरोत्तम मिश्रा के पक्ष में नारे लगाए. इसके बाद इस तरह की राजनीतिक चर्चा मध्य प्रदेश में शुरू हो गई. बता दें कि बीजेपी के नेता नरोत्तम मिश्रा की गिनती प्रदेश के दिग्गज नेताओं में होती है.
दतिया विधानसभा से हैं विधायक:-
शिवराज सिंह की सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे मिश्रा दतिया से विधायक हैं. उन्होंने 1990 में पहली बार विधानसभा का चुनाव जीता था. मिश्रा बाबूलाल गौर की कैबिनेट में भी मंत्री रह चुके हैं.
राज्यसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा की कही बात:-
वहीं, एक अन्य खबर के अनुसार बीजेपी विधायक दल की बैठक खत्म हो चुकी है. इस बैठक से पहले पूर्व सीएम शिवराज सिंह ने मीडिया से बातचीत में बैठक में राज्यसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा की बात कही थी. उन्होंने कहा था कि बीजेपी दोनों सीटों को जीतने की रणनीति बनाने के लिए बैठक कर रही है. वहीं, साध्वी प्रज्ञा भी इस बैठक में मौजूद थी. उन्होंने एमपी में अच्छे दिन आने की बात कही.
12 मार्च को सिंधिया बीजेपी में हो सकते हैं शामिल:-
इस बीच जानकारी मिल रही है कि कांग्रेस से इस्तीफा देने के बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया 12 मार्च को बीजेपी में शामिल हो सकते हैं. वहीं, उनके समर्थक माने जाने वाले 22 विधायकों ने राज्यपाल के पास इस्तीफा भेज दिया है. भोपाल में बीजेपी नेता गोपाल भार्गव, नरोत्तम मिश्रा समेत कई नेताओं ने विधानसभा अध्यक्ष एनपी प्रजापति से मुलाकात की. इस दौरान बीजेपी नेताओं ने कांग्रेस के 19 विधायकों के इस्तीफे सौंपे.
सिंधिया मुर्दाबाद के लगे नारे:-
जानकारी मिल रही है कि कांग्रेस विधायक दल की बैठक के दौरान सीएम हाउस के बाहर कांग्रेस के विधायकों ने ज्योतिरादित्य सिंधिया के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए.
