भोपाल। दिग्विजय सिंह के आरोपों पर बीजेपी हमलावर है। विधायकों की खरीद-फरोख्त के आरोप पर बीजेपी लगातार हमला कर रही है। ऐसे में पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह पर बड़ा हमला किया है। उन्होंने कहा है कि दिग्विजय सिंह का जरूर कोई काम सीएम कमलनाथ के पास फंसा होगा, उन्हें ब्लैकमेल करने के लिए वह यह आरोप लगा रहे हैं।
पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि झूठ बोलकर सनसनी फैलना, ये उनकी आदत रही है। मुख्यमंत्री के पास अपनी उपयोगिता जताना होगा, कोई काम फंसा हुआ होगा या फिर उन्हें ब्लैकमेल करना होगा। तो दबाव बनाने के लिए वह ऐसा कर रहे होंगे। ये उनकी आदत है, इसलिए मैं ज्यादा कुछ उनके बारे में नहीं बोलूंगा। दिग्विजय सिंह के दिमाग का कोई आकलन कर सकता है क्या। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हर समय कोई फितूर ही चलता रहता है।
कांग्रेस के विधायकों ने बताए:-
वहीं, जब दिग्विजय सिंह हॉर्स ट्रेडिंग को लेकर बीजेपी पर आरोप लगा रहे थे, तब उनसे पूछा गया था कि आपके पास कोई सबूत है क्या। इस पर दिग्विजय सिंह ने कहा था कि जिनके पास फोन जा रहे हैं, वो कांग्रेस के विधायक हैं। उनके पास फोन आएगा तो वह हमें बताएंगे। उन्होंने सीधे तौर पर शिवराज सिंह चौहान और नरोत्तम मिश्रा पर आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि यहीं दोनों विधायकों को फोन कर रहे हैं।
सीएम और डिप्टी सीएम पर डील:-
दिग्विजय सिंह ने यह भी कहा है कि शिवराज सिंह चौहान और नरोत्तम मिश्रा में डील हो गई है। एक सीएम बनेंगे और दूसरे डिप्टी सीएम। विधायकों को पच्चीस से तीस करोड़ रुपये दिए जा रहे हैं। ये राशि तीन किश्तों में दी जाएगी। पहली हामी भरने के बाद, दूसरी राज्यसभा चुनाव के बाद और तीसरी सरकार गिराने के बाद। दिग्विजय सिंह के आरोपों को बीजेपी ने सिरे से खारिज कर दिया है।
दिग्विजय सिंह हैं राज्यसभा के दावेदार:-
मध्यप्रदेश में राज्यसभा की तीन सीटें खाली हो रही हैं। वर्तमान समीकरण के हिसाब से कांग्रेस के खाते में दो सीटें जाती दिखाई दे रही हैं। लेकिन दूसरी सीट पर फाइट है। ऐसे दिग्विजय सिंह भी चाहते हैं कि पार्टी उन्हें फिर से रिपीट करे। क्योंकि एक सीट उनकी ही खाली हो रही है। लेकिन कांग्रेस से दावेदार कई हैं। ज्योतिरादित्य सिंधिया भी राज्यसभा जाने के लिए दावेदारी पेश कर रहे हैं। बीजेपी का आरोप है कि दिग्विजय सिंह ने प्रेशर बनाने के लिए ही इस तरह के बयान दिए हैं।
