Breaking

Wednesday, March 11, 2020

MP में घमासान: बीजेपी आज करेगी राज्यसभा उम्मीदवारों का ऐलान, ज्योतिरादित्य सिंधिया के नाम पर सस्पेंस

नई दिल्ली. मध्य प्रदेश में मचे सियासी घमासान के बीच मंगलवार को दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हुई. इस बैठक में राज्यसभा के उम्मीदवारों के नाम पर चर्चा की गई. खबर है कि बीजेपी आज राज्यसभा उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर सकती हैं. ऐसे में देखना होगा कि क्या पार्टी कांग्रेस से इस्तीफा देकर बीजेपी में शामिल होने जा रहे ज्योतिरादित्य सिंधिया के नाम का ऐलान करेगी?
बताया जा रहा है कि बीजेपी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा और गृहमंत्री अमित शाह ने इस मसले पर अलग से भी चर्चा की है. ज्योतिरादित्य सिंधिया के बीजेपी में शामिल होने के बाद से कयास लगाए जा रहे हैं कि बीजेपी उन्हें मध्यमप्रदेश से राज्यसभा भेज सकती है. सूत्रों के मुताबिक, मध्य प्रदेश की तीनों राज्यसभा सीटों पर अभी तक कोई फैसला नहीं हुआ है.
बता दें कि 17 राज्यों के 55 राज्यसभा सांसदों का कार्यकाल अप्रैल में खत्म होने जा रहा है. इसमें महाराष्ट्र के सबसे अधिक सांसद शामिल हैं. महाराष्ट्र में 7, तमिलनाडु में 6, पश्चिम बंगाल में 5, बिहार में 5, ओडिशा और आंध्र प्रदेश में 4-4, असम, मध्यप्रदेश और राजस्थान में 3-3-3, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, हरियाणा और झारखंड में 2-2 जबकि हिमाचल और मणिपुर में 1-1 सीटों पर चुनाव होने हैं.
गौरतलब है कि राज्य के मुख्यमंत्री कमलनाथ से नाराज़ चल रहे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने सोनिया गांधी को अपना इस्तीफा भेजा जिसे पार्टी ने स्वीकार कर लिया है. हालांकि पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि सिंधिया को पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के चलते निष्कासित किया गया है.