![]() |
| (प्रतीकात्मक तस्वीर) |
नई दिल्ली कैब सर्विस देने वाली कंपनी उबर आने वाले वर्षों में उड़ने वाली कैब लेकर आने वाली है। इसके लिए कंपनी ने पांच देशों को भी चुना है। इन देशों में भारत का भी नाम शामिल है। इन देशों में जापान, भारत, ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील और फ्रांस के नाम शामिल हैं।
कंपनी ने एक बयान में बताया कि मुंबई, दिल्ली और बेंगलुरु उन शहरों में हैं जहां पर ट्रैफिक काफी अधिक है। ये घनी आबादी वाले शहर हैं जिसकी वजह से महज कुछ किलोमीटर तक की यात्रा करने के लिए लोगों को कई घंटे लग जाते हैं। उड़ने वाली उबर कैब में वह क्षमता है जो किसी भी घनी आबादी वाले शहर में एक विकल्प बन सके।
इंडो एशियन न्यूज सर्विस के अनुसार, इसके अलावा कंपनी ने खाने की डिलिवरी को लेकर ड्रोन के जरिए डिलिवर करने की भी योजना बनाई है। उबर एविएशन प्रोग्राम्स के प्रमुख एरिक एलिसन ने बताया कि पहला उबर एलिवेट एशिया पैसिफिक एक्स्पो का आयोजन करते हुए हमें काफी गर्व हो रहा है। हम पांच देशों का ऐलान करने जा रहे हैं जहां पर उबर एयर परिवहन को पूरी तरह से बदल देगा।
कंपनी ने कहा, 'आने वाले पांच सालों में उबर की सेवा का इस्तेमाल करने वाले सिर्फ एक बटन दबाकर उड़ने वाली कैब बुलाकर यात्रा कर सकेंगे। इसके लिए कंपनी ने कई वाहन बनाने वाली कंपनियों, तकनीक के क्षेत्र वाली कंपनियों से साझेदारी भी की है।'
