भोपाल। पति द्वारा पत्नी के लिव इन पार्टनर की अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या का मामला सामने आया है। आरोपी ने पत्नी को बच्चों से मिलने के बहाने बुलाया था। घटना बुधवार की है। आरोपी ने शुक्रवार रात थाने पहुंचकर सरेंडर किया।
संतोष और प्रीति ने करीब आठ साल पहले लव मैरिज की थी। दोनों के दो बच्चे भी हैं। कुछ महीने से वो दीपक ओझा के साथ लिव इन में रह रही थी। संतोष बच्चों की खातिर पत्नी से कई बार घर वापस आने कह चुका था। लेकिन, प्रीति नहीं मानी इस बात से संतोष खफा हो गया और उसने पत्नी के प्रेमी को रास्ते से हटाने की ठान ली।
संतोष ने बुधवार दोपहर को प्रीति को बच्चों से मिलाने की बात कहकर उसे बुलाया था। प्रीति के साथ में दीपक ओझा भी चला गया। संतोष ने पहले से ही खजूरी सड़क स्थित ग्राम रायपुर नयाखेड़ा में रहने वाले रिश्तेदारों के घर बुला लिया था। जहां उसने महिला व उसके लिवइन पार्टनर को अपने दो साथियों के साथ मिलकर पकड़ लिया। जंगल में ले जाकर दोनों को अलग-अलग पेड़ से बांध दिया। जहां आरोपियों ने महिला के प्रेमी को जबरिया इल्ली मार दवा पिलाई, फिर उसका गला घोंट दिया।
