Breaking

Tuesday, January 29, 2019

अस्पताल में कपड़े बदलती महिला का वार्ड ब्वॉय ने बनाया वीडियो, आरोपी गिरफ्तार

पुणे। एमआरआई जांच कराने के दौरान कपड़ा बदल रही एक महिला का वीडियो बनाने के आरोप में पुणे के एक नामी अस्पताल के वार्ड ब्वॉय को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने रविवार को बताया कि महिला ने शनिवार रात कपड़ा बदलने के कमरे में एक मोबाइल फोन देखा और उस फोन में कपड़ा बदलने के दौरान का एक वीडियो भी था. इसके बाद लाकेश लहू उत्तेकर (25) नाम के युवक को गिरफ्तार किया गया. कोरेगांव पार्क थाने के एक पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘महिला को पेट में दर्द के बाद 23 जनवरी को अस्पताल में भर्ती कराया गया था. शनिवार को उसे एमआरआई टेस्ट कराने को कहा गया जहां वार्ड ब्वॉय ने महिला को एक अलग कमरे में कपड़ा बदलने को कहा.''अधिकारी ने बताया कि इस सिलसिले में कोरेगांव पार्क थाना में एक मामला दर्ज किया गया है. इस शर्मसार कर देने वाली घटना के सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन भी सवालों के घेरे में आ गया है. इलाज कर रहे मरीज और उनके परिजनों ने इस घटना पर चिंता जताई है और कहा है कि यदि इन जगहों पर भी महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं तो अन्य जगहों पर महिलाओं के सुरक्षित रहने की कल्पना भी व्यर्थ है.