Breaking

Thursday, December 26, 2019

विवाह के 16 दिन बाद व जन्मदिन से एक दिन पहले बम विस्फोट में कुपवाड़ा में शहीद हुए सौरभ कटारा

जयपुर। राजस्थान के भरतपुर के जवान सौरभ कटारा जम्मू कश्मीर में हुए बम ब्लास्ट में शहीद हो गए। भरतपुर के बरौली ब्राह्मण गांव के सौरभ की 16 दिन पहले 8 दिसंबर को ही शादी हुई थी और 15 दिसम्बर को ही वापस डयूटी पर लौटे थे। बुधवार को उनका जन्मदिन भी था, लेकिन जन्मदिन से एक दिन पहले ही वे शहीद हो गए। उनकी पार्थिव देह गुरूवार को उनके पैतृक गांव पहुंचने की सम्भावना है। राज्यपाल कलराज मिश्र, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी ने सौरभ की शहादत को सलाम किया है।

सौरभ का तीन साल पहले सेना में चालक पद पर चयन हुआ था। पिछले माह 23 नवम्बर को सौरभ की बहन की शादी थी और सौरभ और उसके बड़े भाई गौरव की गत 8 दिसंबर को शादी हुई थी। दोनों भाइयों की शादी पड़ोसी जिले मथुरा के जाममपट्टी रसूलपुर निवासी उदयराम की पुत्रियों से हुई थी। शादी के बाद सौरभ गत 15 दिसंबर को वापस ड्यूटी पर कुपवाड़ा लौट गए थे। सोमवार रात ड्यूटी के दौरान हुए बम विस्फोट में सौरभ और उसका साथी जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। इन्हें सेना के अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान मंगलवार तड़के करीब 3 बजे दोनों ने दम तोड़ दिया।

सौरभ का 25 दिसंबर को जन्मदिन भी था। सौरभ के ड्यूटी पर लौट जाने के बाद उसकी पत्नी पूनम और बड़ी बहन दोनों अपने पीहर चली गई थी और सोमवार को ही पीहर से गांव बरौली ब्राह्मण आई थी। शहीद सौरभ के पिता नरेश सेना से हवलदार के पद से सेवानिवृत हुए हैं वही बडा बड़ा भाई खेतीबाड़ी करता है। जबकि छोटा बीकानेर से एमबीबीएस कर रहा है। घटना के बाद से गांव में गमी का माहौल है। सौरभ के परिजनों और गंाव वालों की मांग है कि सरकार आतंकियों पर कडी कार्रवाई करे और वादे के अनुसार पाकिस्तान की सेना के जवानों के दस सिर काट कर लाए।