Breaking

Saturday, January 26, 2019

केजरीवाल ने इस तरह प्रधानमंत्री मोदी पर लगाया देशद्रोह का आरोप

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी और दिल्ली सरकार के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने एक ट्वीट करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केन्द्र सरकार पर सवाल करते हुए न केवल संगीन आरोप ही लगाए बल्कि, परोक्ष रूप से उनको देशद्रोही साबित करने की कोशिश भी की है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने यह ट्वीट कन्हैया कुमार को लेकर किया है। कन्हैया के बहाने उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बड़ा हमला बोला है। गुरुवार सुबह एक ट्वीट कर केजरीवाल ने कहा कि कन्हैया ने देशद्रोह किया या नहीं इसकी जांच चल रही है। इसके साथ ही केजरीवाल ने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली सरकार के काम रोक रहे हैं क्या ये देशद्रोह नहीं है। केजरीवाल का ट्वीट कुछ ऐसा है- ‘’मुझे नहीं पता कन्हैया ने देशद्रोह किया है या नहीं, उसकी जांच क़ानून विभाग कर रहा है।” केजरीवाल का कहना है कि- उधर मोदी जी ने दिल्ली के बच्चों के स्कूल रोके, अस्पताल रोके, CCTV कैमरे रोके, मोहल्ला क्लीनिक रोके, दिल्ली को ठप्प करने की पूरी कोशिश की – क्या ये देशद्रोह नहीं है?’’ गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी लगातार आरोप लगाती रही है कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार उनके काम में रोड़ा अटका रही है। इससे पहले भी कई मौकों पर दिल्ली सरकार और केंद्र के बीच टकराव देखने को मिला है। इसी को लेकर अब अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। मालूम हो कि, करीबन तीन साल पहले जेएनयू में लगे कथित देशद्रोही नारों के मामले में चार्जशीट दायर की गई थी। इसपर दिल्ली के कानून मंत्री कैलाश गहलोत ने राज्य सरकार के कानून सचिव को नोटिस जारी किया है। दिल्ली सरकार का आरोप है कि दिल्ली पुलिस ने नियमों के खिलाफ जाते हुए इस मामले की फाइल सीधे कानून सचिव को भेजी है। सरकार का कहना है कि पहले ये फाइल गृह विभाग को भेजी जानी चाहिए थी। उन्होंने कहा है कि फाइल को कानून मंत्री को भी नहीं दिखाया गया है। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने कानून की अवहेलना की है।