भोपाल। नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के शुक्रवार को होने वाले दौरे को लेकर कुछ सवाल पूछे हैं। भार्गव ने कहा कि अभी विधानसभा चुनाव कर्जमाफी का झूठ बोलने वाले राहुल अब कौन-सा नया झूठ बोलेंगे, इसका जनता को इंतजार रहेगा। भार्गव ने पूछा कि सभी किसानों का 10 दिन में कर्जमाफ करने वाले राहुल बताएं कि कमलनाथ को मुख्यमंत्री बने 50 दिन से अधिक हो गए हैं, कितने किसानों का कर्ज माफ हुआ। क्या आप 10 दिन में कर्ज माफ न किए जाने पर मुख्यमंत्री को हटाने का वादा पूरा करेंगे।
दूसरे सवाल में पूछा कि बुधवार को प्रदेश के कई जिलों में ओले गिरे, फसल बर्बाद हुई, अन्न्दाता परेशान हैं, लेकिन मुख्यमंत्री से लेकर मंत्री आपके लिए भीड़ जुटाने में व्यस्त रहे। बताएं, क्या आपको मौसम की मार से परेशान किसानों की चिंता की बजाय चुनावी मौसम की चिंता अधिक है। प्रदेश की जनता को ये फार्मूला भी जरूर बताएं, जिससे खुद को किसान बताने वाले रॉबर्ट वाड्रा अल्प समय में करोड़पति कैसे बने।
