नई दिल्ली। होली पर घर आने वाले यात्रियों को इस बार करारा झटका लगा है। रेलवे ने जनता, गोमती, डबल डेकर, फरक्का, आम्रपाली और बरौनी एक्सप्रेस सरीखीं करीब ढाई दर्जन से ज्यादा ट्रेनों को 15 फरवरी तक निरस्त किया था। लेकिन अब इन ट्रेनों का निरस्तीकरण 31 मार्च तक बढ़ा दिया गया है। इससे लाखों यात्रियों का परिवार संग होली मनाने की खुशियों में खलल पड़ सकता है। होली पर घर वापसी के लिए यात्रियों ने करीब चार महीने पहले आरक्षण कराया था लेकिन अब वहीं यात्री टिकट रद्द कराकर दूसरी ट्रेनों और वैकल्पिक साधनों का सहारा ढूंढ़ने में जुटे हैं। ऐसा पहली बार हुआ कि कोहरे से निरस्त ट्रेनों को मार्च तक रद्द किया गया हो।
गोमती और राज्यरानी से छूटी आस-
होली में घर वापसी के लिए यात्री 19 फरवरी से गोमती एक्सप्रेस और राज्यरानी से घर वापसी की आस लगाए बैठे थे। जिन यात्रियों को आरक्षित टिकट नहीं मिले थे, वह इन ट्रेनों में एक महीने पहले आरक्षण खुलने का इंतजार कर रहे थे। लेकिन, अचानक ट्रेनों का निरस्तीकरण बढ़ जाने से यात्रियों पर मुसीबतें टूट पड़ी हैं।
70 फीसदी ऑनलाइन हुए थे टिकट-
त्योहार पर घर आने के लिए चार महीने पहले ही यात्री ऑनलाइन टिकटों की बुकिंग कर लेते हैं। होली में घर वापसी के लिए करीब 70 फीसदी यात्रियों ने ऑनलाइन टिकट कराए थे। यात्रियों ने की मानें तो एक तो उन्हें आईआरसीटीसी से रिफंड लेने में मुसीबतें आती हैं। ऊपर से टिकट कराने के समय कुछ पैसा ऑनलाइन टिकट कराने के लिए भी देना पड़ता है। इससे यात्रियों को काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
