ग्वालियर। फेसबुक पर दोस्ती फिर प्यार के बाद एक युवती झारखंड से ग्वालियर शादी करने चली आई। घटना सात दिन पहले की है। युवती के फेसबुक पर जब परिजन ने लगातार मैसेज देखे तो पूरे घटनाक्रम का पता लगा। पीछे-पीछे परिजन भी ग्वालियर आ गए। परिजन ने पड़ाव थाना पहुंचकर मदद मांगी। पड़ाव पुलिस ने युवती और युवक को थाने बुला लिया। यहां युवती के परिजन ने उसे साथ ले जाने का बहुत प्रयास किया, लेकिन वह फेसबुक पर प्यार करने के बाद उसी लड़के से शादी करने पर अड़ी रही।
झारखंड के धनवाद निवासी 20 वर्षीय युवती रानी (परिवर्तित नाम) की कुछ महीने पहले फेसबुक पर ग्वालियर के डोंगरपुर विश्वविद्यालय क्षेत्र निवासी रवि जाटव से फ्रेंडशिप हुई। दोनों के बीच बातचीज का सिलसिला शुरू हुआ जो धीरे-धीरे प्यार में बदल गया। फेसबुक पर एक-दूसरे के फोटो शेयर किए और शादी करने का वादा भी किया। करीब सात दिन पहले युवती फेसबुक फ्रेंड से शादी करने के लिए घर से निकल आई।
जब वह घर नहीं मिली और उसके माता-पिता ने पड़ताल शुरू की तो पता लगा कि वह ग्वालियर में किसी रवि नामक युवक से शादी करने गई है। उसके फेसबुक स्टेटस को देखकर परिजन को पूरी कहानी का पता लगा। इसके बाद युवती के माता-पिता बीते रोज ग्वालियर पहुंचे। स्टेशन से वह सीधे पड़ाव थाना पहुंचे और मदद की गुहार लगाई।
पड़ाव थाना पुलिस ने मदद करते हुए रवि का पता लगाया और युवती व उसे थाने बुला लिया। युवती के थाना आते ही परिवार के सदस्य उसे समझाने लगे। पिता ने पैरों में गिरकर साथ चलने के लिए कहा, लेकिन परिवार के सदस्यों के साथ युवती ने जाने से मना कर दिया। इसके बाद वह अपने फेसबुक फ्रेंड के साथ चली गई।
