पुणे. नौजवान और र्स्माट सा दिखने वाला एक चोर आजकल महाराष्ट्र के पुणे में पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ है. इस चोर के बारे में पुणे पुलिस को अपने वरिष्ठ अधिकारियों का जो अलर्ट मैसेज मिला था उसकी एक लाइन कुछ इसी तरह से थी. हालांकि पुलिस के लिए राहत की बात ये है कि 19 साल का ये चोर अब सलाखों के पीछे पहुंच चुका है. लेकिन उसके पकड़े जाने के बाद जो कहानी सामने आई है उसने पुलिस के होश उड़ा दिए हैं. सबसे खास बात यह है कि पैतर सिंह का पिता भी नामजद चोर था. पैतर सिंह के पिता गब्बर सिंह पर 175 मुकदमे दर्ज थे जबकि बेटे पैतर सिंह पर 117 मामले दर्ज हैं.
आठ साल में दर्ज हो गए 117 मुकदमे:-
पैतर सिंह उर्फ पवित्र सिंह उर्फ गब्बर सिंह टाक... ये नाम है उस चोर का जिस पर बीते आठ साल में 117 मुकदमे दर्ज हुए हैं. गब्बर सिंह ने पकड़े जाने के बाद पुलिस को बताया कि वो 12 साल की उम्र से चोरियां कर रहा है. सबसे पहली चोरी उसने एक स्कूल में कंप्यूटर चुराकर की थी. हालांकि पहली चोरी के बाद ही वो पकड़ा गया था. सजा के तौर पर उसे बाल सुधार गृह भेजा गया था. लेकिन वहां से छूटने के बाद सुधरने के बजाए उसकी चोरियों और मुकदमे की संख्या बढ़ती ही चली गई.
करोड़ों का मालिक है 19 साल का ये स्मार्ट चोर:-
19 साल का चोर पैतर सिंह कुछ दिन पहले एक ज्वेलरी शॉप में चोरी करने जा रहा था. लेकिन उसके वारदात को अंजाम देने से पहले ही पुलिस को मुखबिर से ये सूचना मिल गई. पुलिस ने दुकान के आसपास अपना जाल बिछा दिया. जब पैतर सिंह अपने दो साथियों के साथ वहां चोरी करने पहुंचा तो पुलिस के हत्थे चढ़ गया.
गिरफ्तार पैतर सिंह से पूछताछ के बाद पुलिस ने एक मकान से 38 किलो चांदी, एक किलो सोना, 13 कार और पांच बाइक सहित और भी बहुत सामान बरामद किया. जिसकी कीमत करोड़ो में है। पुलिस उसके बैंक अकाउंट को भी खंगाल रही है. पुलिस ने गब्बर के हमउम्र के उसके दो साथियों को भी गिरफ्तार किया है. पुलिस की मानें तो 86 वारदात ऐसी हैं जिन्हें पैतर सिंह ने अकेले ही अंजाम दिया है.
