छत्तीसगढ़। के बालौदबाजार में शिक्षकों का शर्मसार करने वाला चेहरा सामने आया है। बालौदाबाजार के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शिक्षकों द्वारा प्रैक्टिकल में नंबर बढ़ाने और पास कराने के एवज में छात्राओं से अश्लील हरकत करने का मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने प्राचार्य समेत सात शिक्षकों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं शिक्षा विभाग और प्रशासन की ओर से सभी शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया है।
छात्राओं का आरोप है कि पिछले दो सालों से ये सभी उनसे अश्लील हरकतें करते आ रहे हैं। शिकायत करने पर परीक्षा में फेल करने की धमकी देकर ये छात्राओं से छेड़खानी करते थे। हद पार होने के बाद गुरुवार को हिम्मत दिखाते हुए छात्राओं ने शिक्षकों की शिकायत की थी।
जिसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने प्रशासन और शिक्षकों के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया था। गांव वाले आरोपी शिक्षकों को बर्खास्त करने की माग पर अड़े थे। पुलिस की समझाइश और कार्रवाई के आश्वासन के बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ था। वहीं पुलिस ने आरोपी शिक्षकों को रिमांड में लेकर न्यायालय में पेश किया जहां से सभी शिक्षकों को जेल भेज दिया गया है।
