Breaking

Sunday, December 22, 2019

ATM क्लोनिंग के तीन आरोपित गिरफ्तार, केवल 10वीं कक्षा पास है क्लोनिंग गैंग का मास्टरमाइंड

गुना (मध्यप्रदेश)। ATM cloning गुना पुलिस ने एटीएम क्लोनिंग(एटीएम कार्ड का डाटा कॉपी करना) के जरिए उपभोक्ताओं के खाते से राशि चुराने वाले तीन आरोपितों को नई दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। उनसे क्लोनिंग में उपयोग होने वाली डिवाइस भी जब्त की है। आरोपितों ने अन्य जिलों में भी कई वारदातें कबूली हैं।
सोमवार की शाम प्रेस वार्ता में एसपी राहुल कुमार ने बताया कि कोतवाली में दर्ज हुए कुछ मामलों की जांच के दौरान एटीएम क्लोनिंग की शंका हुई। सीसीटीवी फुटेज के जरिए तीन युवकों पर संदेह हुआ। उनका पता लगाकर एसआई गजेंद्र सिंह बुंदेला के नेतृत्व में टीम नई दिल्ली भेजी और तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
इन आरोपितों में आयुष कु मार पुत्र अनमोल सिंह मूल निवासी ग्राम दौलतपुरा जिला नवादा बिहार, हाल मुकाम बी- 286, 11बी-ब्लॉक संतनगर बुरारी, कृष्णा ज्वेलरी, नार्थ वेस्ट नई दिल्ली, बंटी कुमार पुत्र जयराम सिंह निवासी नवादा, बिहार, हाल मुकाम के-249 संगम विहार, नई दिल्ली तथा रंजीत सिंह पुत्र सुरेंद्र सिंह निवासी 89 कन्हैया नगर, इंद्रलोक मेट्रो स्टेशन के पास नई दिल्ली शामिल हैं।
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे दो दिसंबर को क्लोनिंग डिवाइस लेकर इंदौर जा रहे थे। तब गुना में रुककर एक एटीएम में डिवाइस लगाई और कुछ कार्डों की क्लोनिंग कर राशि निकाल ली। इन लोगों ने अशोकनगर, राजगढ़ आदि जिलों में भी वारदातें कबूली हैं।
एसपी के मुताबिक गिरोह का मास्टरमाइंड आयुष महज 10वीं पास है। आयुष डिवाइस को एटीएम मशीन में फिट कर देता था। जिससे मशीन उसके मोबाइल से जुड़ जाती थी। जब कोई उपभोक्ता एटीएम का उपयोग करता, तो उसका पूरा डाटा आयुष को मिल जाता था। इसी के जरिए वह खातों से राशि निकाल लेता था। आरोपितों से और भी वारदातों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।