जालना (महाराष्ट्र)। एक व्यक्ति को अपनी पूर्व प्रेमिका की हत्या करने और उसे आत्महत्या दिखाने के मामले में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शख्स ने इसकी साजिश ऐसे की थी उसकी पूर्व प्रेमिका की मौत के मामले में शक की सुई उसके पति पर जाए। इसके लिए सचिन गायकवाड़ नाम के शख्स ने बाकायदा एक सुसाइड नोट छोड़ा था, जिसमें लिखा गया था कि पति के उकसावे पर वह आत्महत्या कर ही है। आरोपी ने महिला की हत्या करने के बाद उसके शव को रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया था।
इंस्पेक्टर श्यामसुंदर ने कहा कि पुलिस ने बुधवार को महाराष्ट्र के जालना में रहने वाले सचिन गायकवाड़ को अपनी पूर्व प्रेमिका दीपाली रमेश शिंदे की हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। अधिकारी ने कहा कि रेलवे ट्रैक के पास 20 वर्षीय महिला का शव के साथ ही एक सुसाइड नोट, उसका सेलफोन और उसका दोपहिया वाहन मिला था।
पुलिस ने बताया कि सुसाइड नोट में और अपने पिता को लिखे टेक्स्ट मैसेज में पीड़िता ने कथिततौर पर अपने पति अविनाश वंजारे पर उसे प्रताड़ित करने के लिए दोषी ठहराया था। इसके साथ ही पीड़िता ने लिखा कि अपने पति की वजह से वह यह कदम उठाने के लिए मजबूर हो रही है। उन्होंने कहा कि पीड़िता ने छह महीने पहले ही अविनाश से गुपचुप शादी कर ली थी।
महिला के पिता की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अविनाश वंजारे को गिरफ्तार कर लिया था। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला है कि महिला की मौत किसी भारी चीज से सिर पर प्रहार करने की वजह से हुई थी। जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि शादीशुदा सचिन गायकवाड़ का पीड़िता दीपाली के साथ संबंध था और उसकी मौत के बाद से वह फरार हो गया था।
अधिकारी ने कहा कि जिस दिन दीपाली की मौत हुई, उस दिन इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज में सचिन गायकवाड़ के साथ महिला को दोपहिया वाहन पर देखा गया था। पूछताछ के दौरान आरोपी ने कबूल किया कि 21 दिसंबर को वह पीड़िता को इनिवाड़ी ले गया था, जहां दोनों के बीच बहस होने के बाद सचिन ने दीपाली की हत्या कर दी और बाद में उसे आत्महत्या का मामला दिखने के लिए शव को रेलवे ट्रैक के पास फेंक दिया था। पुलिस ने सचिन के खिलाफ आईपीसी की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है।
