भोपाल। उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवा के कारण पूरे प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग ने अब 23 जिलों में घना कोहरा ( dense fog ) पड़ने का अलर्ट ( weather alert ) जारी किया गया है।
उत्तर भारत में हाल ही में हुई बर्फबारी के बाद से हवा का रुख दक्षिण और पश्चिम की तरफ हो गया है। इस कारण कड़ाके की ठंड पड़ने लगी है, वहीं अरब सागर से आने वाली नमी के कारण प्रदेश में कई स्थानों पर बारिश ( rain fall )और कोहरे ( fog ) की स्थिति बन रही है। मध्यप्रदेश के कुछ जिलों में अब तक हल्का कोहरा छा रहा था। मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के मुताबिक यदि 48 घंटों में प्रदेश के कई जिलों में घना कोहरा छा जाएगा तो नए साल का जश्न मनाने जाने वाले और परिवार के साथ छुट्टियां बिताने जाने वाले लोगों को मुश्किल हो सकती है। क्योंकि घने कोहरा का असर फ्लाइट और ट्रेनों पर भी पड़ेगा।
23 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट:-
मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के दौरान प्रदेश के भिंड, मुरैना, शयोपुरकलां, ग्वालियर, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, दमोह, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, नीमच, मंदसौर, रतलाम, शाजापुर और भोपाल जिले में घना कोहरा छा सकता है।
ट्रेनों की रफ्तार पर असर:-
इधर, पिछले कुछ दिनों से उत्तर भारत से लगे ग्वालियर-चंबल संभाग से लेकर भोपाल तक हल्का कोहरा पड़ रहा है। जबकि देर रात को कभी कभी घना कोहरा पड़ने के कारण इसका असर ट्रेनों पर पड़ रहा है। मौसम विभाग की ताजा चेतावनी के बाद माना जा रहा है कि ट्रेनों की रफ्तार पर और भी असर पड़ सकता है।
उड़ान पर भी असर:-
दिल्ली में घना कोहरा और विजिबिलिटी कम होने की वजह से कई फ्लाइट पर भी असर पड़ रहा है। पिछले एक सप्ताह से कई फ्लाइट कैंसिल या डायवर्ट की जा चुकी है। दिल्ली से भोपाल आने वाली सुबह की फ्लाइट पर भी असर पड़ रहा है। कई फ्लाइट विलंब से लैंड हो रही है, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पिछले 24 घंटों का हाल:-
मध्यप्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान ठंड ने अपना असर दिखाया। वहीं होशंगाबाद, शहडोल और जबलपुर संभागों के जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश दर्ज की गई और शेष संभागों के जिले शुष्क रहे। न्यूनतम तापमान रीवा, सागर, भोपाल और उज्जैन संभागों के जिलों में काफी कम हो गए। शहडोल संभाग के जिलों में सामान्य से विशेष रूप से अधिक, जबलपुर संभाग के जिलों में सामान्य से काफी अधिक, ग्वालियर और चंबल संभागों के जिलों में सामान्य से कम रहा। जबकि उज्जैन, इंदौर और होशंगाबाद संभागों के जिलों में सामान्य से अधिक तापमान रहा।
यहां चलेगी शीतलहर:-
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार प्रदेश के 21 जिलों में शीतलहर चलने से शीतल दिन ( कोल्ड डे ) हो सकता है। जबकि इनमें से कुछ जिलों में तीव्र शीतल दिन ( सीवियर कोल्ड डे ) भी हो सकता है। नीमच, मंदसौर, रतलाम, राजगढ़, भोपाल, भिंड, मुरैना, शयोपुरकलां, ग्वालियर, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, दमोह, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली जिले में अगले 48 घंटों के दौरान कोल्ड डे और सीवियर कोल्ड डे देखने को मिल सकता है।
बारिश का भी पूर्वानुमान:-
मध्यप्रदेश के अनूपपुर, उमरिया, डिंडोरी, बालाघाट, मंडला, सिवनी और छिंदवाड़ा जिलों में हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
