Breaking

Tuesday, December 24, 2019

अंडरवर्ल्ड डॉन रहे इकबाल मिर्ची की प्रॉपर्टी होगी जब्त, प्रशासन खंगाल रहा कुंडली

भोपाल. मध्य प्रदेश में माफिया के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत अब भोपाल जिला प्रशासन ने अंडरवर्ल्ड डॉन इकबाल मिर्ची की प्रॉपर्टी की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है. प्रशासन मिर्ची की संपत्ति से जुड़े पुराने रिकॉर्ड खंगाल रहा है. शहर के सभी एसडीएम इकबाल मिर्ची और उसके परिचितों के नाम पर दर्ज प्रॉपर्टी की डिटेल जुटाने में लगे हुए हैं. सूत्रों की माने, तो प्रशासन को ऐसी सूचना मिली है कि इकबाल ने जिले में कई जगह पर सरकारी और प्राइवेट जमीन पर कब्जा कर लिया था. यह प्रॉपर्टी या तो उसके नाम पर है या फिर उसने अपने परिचितों के नाम पर कर रखी है. ऐसी विवादित प्रॉपर्टी की सूची तैयार की जा रही है.
2013 में हो चुकी है मौत:-
जिला प्रशासन उसकी मौत के कई वर्षों बाद अब मिर्ची की प्रॉपटी से जुड़ी पुरानी शिकायतों को खंगाल रहा है. प्रशासन को पता चला है कि इकबाल मिर्ची के साथ उनसे जुड़े लोगों के खिलाफ भी अवैध कब्जे की शिकायतें थीं. इसलिए प्रशासन के अधिकारी पुलिस की मदद से कोहेफिजा थाना क्षेत्र के साथ दूसरे थानों में आने वाले शिकायतों की जांच कर रहे हैं. आपको बता दें कि इकबाल मिर्ची की लंदन में 15 अगस्त 2013 में मौत हो चुकी है. उस पर मादक पदार्थों की तस्करी और जबरन वसूली के अपराधों में वैश्विक आतंकवादी दाउद इब्राहिम का दाहिना हाथ होने का आरोप था. भोपाल में इकबाल मिर्ची का विवादित बंगला है. हालांकि यह अब खंडहर हो चुका है.
20 बदमाशों की सूची तैयार:-
माफिया के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम के तहत भोपाल जिला प्रशासन ने पुलिस के साथ मिलकर बैरागढ़ और खजूरी थाने के करीब 20 बदमाशों की पहली सूची तैयार की है. ये वह बदमाश हैं, जिन्होंने डरा धमकाकर अवैध रूप से जमीनों पर कब्जा किया है. कई जगहों पर इन बदमाशों ने पक्का निर्माण भी कर लिया है. इन बदमाशों की कुंडली खंगाली जा रही है. जल्द ही प्रशासन इन बदमाशों के खिलाफ भी कार्रवाई करेगा.