Breaking

Friday, December 27, 2019

दो मंत्रियों के साथ भोपाल में दो बीजेपी नेताओं के घर पहुंचे ज्योतिरादित्य सिंधिया

भोपाल/ कांग्रेस महासचिव ज्योतिरादित्य सिंधिया मध्यप्रदेश के दौरे पर हैं। पहले वह कांग्रेस विधायक बनवारी लाल शर्मा के अंत्येष्टि कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। उसके बाद भोपाल पहुंचे। भोपाल पहुंचे के बाद सिंधिया अपने समर्थक दो मंत्रियों के साथ बीजेपी नेताओं के घर पहुंचे। दोनों मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम रहे हैं। दोनों नेताओं के परिजनों से मिल सिंधिया ने उन्हें संत्वना दी।
दरअसल, पिछले कुछ महीनों में बीजेपी के दो दिग्गज नेताओं का निधन हो गया था। दोनों प्रदेश के पूर्व सीएम रहे हैं। ज्योतिरादित्य सिंधिया अपने भोपाल दौरे के दौरान पहले मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम कैलाश जोशी के आवास पर पहुंचे। वहां उनके परिजनों से मुलाकात की। साथ ही कैलाशनाथ जोशी को श्रद्धांजलि अर्पित की। करीब आधे घंटे तक जोशी के परिजनों से उन्होंने बात की।
वहीं, कैलाश जोशी के घर से निकलकर ज्योतिरादित्य सिंधिया बीजेपी के दिग्गज नेता और पूर्व सीएम बाबूलाल गौर के घर पहुंचे। बाबूलाल गौर का भी हाल ही में निधन हुआ है। निधन के बाद सिंधिया अपने व्यस्त कार्यक्रमों की वजह से उनके घर नहीं जा पाए थे। गौर के भोपाल स्थित आवास पर पहुंचकर सिंधिया ने उनके परिजनों से बात की।
मुलाकात के बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि हम कैलाश जोशी जी के परिजनों से मिलने आए थे। उनका एक लंबा जनसेवा का इतिहास रहा है। उनका मध्यप्रदेश की इतिहास में स्वर्ण अक्षरों के साथ लिखा गया था। उनसे मेरी भी घनिष्ठता और पारिवारिक रिश्ता था। उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने और उनके परिजनों से मिलने मैं यहां पहुंचा था। उन्होंने अपने क्षेत्र ही नहीं, पूरे मध्यप्रदेश के लिए पूर्ण निष्ठा और श्रद्धा के साथ काम किया।
सिंधिया के इस दौरे के दौरान उनके साथ मध्यप्रदेश सरकार के मंत्री तुलसी सिलावट और गोविंद सिंह राजपूत भी मौजूद रहे। गौर के घर पर तीनों ने उनके परिजनों से लंबी बातचीत की। गौरतलब है कि जौरा विधायक के अंत्येष्टि में सीएम कमलनाथ भी मौजूद रहे। बनवारी लाल शर्मा ज्योतिरादित्य सिंधिया खेमे के ही विधायक रहे हैं।