दिल्ली। अगर आपके बैंक से संबंधित कामकाज लंबित हैं तो जल्द निपटा लीजिए, क्योंकि छुट्टी और कर्मचारियों की हड़ताल के चलते मार्च के महीने बैंक 6 दिनों तक बंद रह सकते हैं। हालांकि हड़ताल ना हो इसे लेकर कोशिशें की जा रही है। इसी क्रम में 29 फरवरी को इंडियन बैंक एसोसिएशन (IBA) की बैठक बैंक कर्मचारी संगठनों के साथ होगी। बताया जा रहा है कि चीफ लेबर कमिश्नर (सीएलसी) की ओर से निर्देश दिया गया है कि जल्द से जल्द वार्ता के जरिए हड़ताल टाली जाए।
गौरतलब है कि इस महीने दो दिनों की हड़ताल के बाद मार्च में भी तीन दिनों की हड़ताल पर जाने की तैयारी बैंक कर्मी कर रहे हैं। बैंक एम्प्लाई फेडरेशन ऑफ इंडिया और ऑल इंडिया बैंक एम्प्लाई एसोसिएशन (एआईबीईए) ने 11 से 13 मार्च तक हड़ताल पर जाने का नोटिस बैंकिंग प्रबंधनों को दिया है। इसके एक दिन पहले 10 मार्च को होली की छुट्टी रहेगी। 14 मार्च को दूसरा शनिवार और 15 मार्च को रविवार की छुट्टी रहेगी। इस तरह पूरे 6 दिन बैंक बंद रहेंगे।
ये है बैंक कर्मियों की प्रमुख मांगें:-
बैंक कर्मचारियों की मांग है कि सैलरी हर पांच साल में रिवाइज की जाए। 2012 में सैलरी रिवाइज की गई थी इस हिसाब से 2017 में रिवाइज होनी थी, जो नहीं हुई। कर्मचारी सप्ताह में दो दिन की छुट्टी की मांग कर रहे हैं।
अप्रैल से अनिश्चिलकालीन हड़ताल पर जा सकते हैं:-
छत्तीसगढ़ बैंक एम्प्लाइज एसोसिएशन के महामंत्री शिरीष नलगुंडवार का कहना है कि हड़ताल का नोटिस दे दिया गया है। अगर कर्मचारी संघों की मांगें नहीं मानी गई तो एक अप्रैल से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जा सकते हैं। बैंकिंग प्रबंधन को इसकी भी जानकारी दे दी गई है।