भोपाल. मध्यप्रदेश में सियासत गर्म है। कांग्रेस नेताओं के बयान में जहां विरोधाभास दिखाई दे रहा है वहीं, भाजपा बड़ी रणनीति पर काम कर रही है। दिग्विजय सिंह ने सोमवार को दिल्ली में बयान देकर मध्यप्रदेश की सियासत में खलबली मचा दी है। दिग्विजय सिंह ने कहा कि भाजपा मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार को अस्थिर करने के लिए 25 से 35 करोड़ रुपए तक का ऑफर दे रही है। वहीं, भाजपा ने दिग्विजय सिंह के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि दिग्विजय सिंह कमलनाथ पर प्रेशर बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
8 से 10 विधायक तोड़ सकती है भाजपा:-
दिग्विजय सिंह ने कहा कि भाजपा नेताओं ने 8 से 10 विधायकों से फोन में संपर्क किया है। दिग्विजय सिंह ने कहा कि भाजपा द्वारा तीन किश्त में पैसे देने की बात कही गई है। दिल्ली में दिग्विजय सिंह ने कहा कि बीजेपी जब से विपक्ष में आई है, उसके बाद से ही नरोत्तम मिश्रा और शिवराज सिंह चौहान खुलेआम कांग्रेस विधायकों को तोड़ने में लगे हैं। वे हमारे विधायकों को खरीदने के लिए 25-30 करोड़ रुपये का ऑफर दे रहे हैं। इस राशि का भुगतान तीन किश्तों में होगा। पहली किश्त राज्यसभा चुनाव से पहले, दूसरी किश्त राज्यसभा चुनाव के बाद और तीसरी किश्त सरकार गिराने के बाद विधायकों को दिए जाएंगे। 8 से 10 विधायकों से इसके लिए अप्रोच किया गया है।
दोनों नेताओं में डील:-
दिग्विजय सिंह ने कहा- शिवराज सिंह चौहान और नरोत्तम मिश्रा में पहले मतभेद था लेकिन अब दोनों नेताओं के बीच डील हो गई है। इस डील के तहत शिवराज सिंह चौहान मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री बनना चाहते हैं जबकि नरोत्तम मिश्रा को डिप्टी सीएम का पद मिल सकता है। हालांकि उन्होंने ये भी कहा कि ये कर्नाटक नहीं मध्यप्रदेश है और मध्यप्रदेश कांग्रेस का कोई भी विधायक बिकाऊ नहीं है।
विधायकों के दिल्ली जाने का किया दावा:-
दिग्विजय सिंह ने मंगलवार को ट्वीट कर दावा किया कि, भाजपा विधायकों को लेकर दिल्ली पहुंच रही है। उन्होंने कहा- भाजपा ने मप्र के कॉंग्रेस बसपा समाजवादी विधायकों को दिल्ली लाने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। बसपा की विधायक श्रीमती राम बाई को क्या भाजपा के पूर्व मंत्री भूपेन्द्र सिंह जी कल चार्टर फ़्लाइट में भोपाल से दिल्ली नहीं लाये? शिवराज जी कुछ कहना चाहेंगे? लेकिन हमें राम बाई पर पूरा भरोसा है वे कमलनाथ जी की प्रशंसक हैं और उनका समर्थन करती रहेंगी।

