भोपाल. मध्य प्रदेश में चल रहे हॉर्स ट्रेडिंग मामले में कांग्रेस विधायक बैजनाथ कुशवाहा ने बड़ा खुलासा किया है. बैजनाथ की बातों पर यकीन करें, तो अब कांग्रेस विधायकों को ऑफर दिए जा रहे हैं. कुशवाहा ने दावा किया कि शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chauhan), नरेंद्र सिंह तोमर और नरोत्तम मिश्रा की तरफ से बीजेपी के नेता और आरएसएस के नेता ऑफर दे रहे हैं. कुशवाहा ने खुद को मिले ऑफर की जानकारी भोपाल पहुंचकर मंत्री गोविंद सिंह को दे दी है.
25 करोड़ या मंत्री पद का ऑफर:-
बैजनाथ कुशवाहा ने बताया कि मैंने बीजेपी की तरफ से मिले ऑफर की जानकारी मंत्री गोविंद सिंह को दी है. उन्होंने कहा कि भिंड के पास के नेता प्रमोद शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा के नाम पर 25 करोड़ रुपए नगद लेने या फिर मंत्री पद लेने की पेशकश की थी. कुशवाहा के अनुसार यह ऑफर उन्हें एक महीने पहले दिया गया था. उन्होंने यह भी बताया कि प्रमोद शर्मा ने एक व्यक्ति को और उनके पास ऑफर लेकर भेजा था. इतना ही नहीं इंदौर से आरएसएस के दो नेताओं ने भी उनसे संपर्क किया था. उन्होंने बीजेपी में शामिल होने का ऑफर दिया था. बैजनाथ कुशवाहा सबलगढ़ से कांग्रेस विधायक हैं. बैजनाथ का कहना है कि वह जमीन से जुड़े नेता हैं और यदि बीजेपी 100 करोड़ रुपए का ऑफर भी देगी, तो वह कभी भी बीजेपी का साथ नहीं देंगे.
गोविंद सिंह ने बीजेपी को दी चेतावनी:-
बैजनाथ कुशवाहा ने भोपाल स्थित मंत्री गोविंद सिंह के सरकारी बंगले पर उनसे मुलाकात की. बंद कमरे में आधे घंटे तक चली मुलाकात के बाद गोविंद सिंह ने बताया कि हमारे विधायक बैजनाथ को भी ऑफर दिया गया है. दिग्विजय सिंह ने जो आरोप लगाए हैं वह सभी सही हैं. हमारे विधायकों को दिल्ली लेकर जा रहे हैं. बीजेपी लगातार प्रयास कर रही हैं, लेकिन उनके यह प्रयास कभी भी सफल नहीं होगा. गोविंद सिंह ने बीजेपी को चेतावनी देते हुए कहा कि भाजपा नेता दिन में सपने देखना बंद करें. मुख्यमंत्री कमलनाथ के नेतृत्व में 5 साल सरकार चलेगी. मुझे बैजनाथ ने मुलाकात कर ऑफर देने की बात बताई है. बैजनाथ जमीन से जुड़े नेता है और वह कभी भी पार्टी को साथ नहीं छोड़ेंगे.
दिग्विजय ने लगाए यह आरोप:-
दिग्विजय सिंह ने बीजेपी पर काफी गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने यह आरोप दिल्ली में सोमवार को प्रेस कांफ्रेंस कर लगाए हैं. दिग्विजय सिंह ने शिवराज सिंह चौहान और नरोत्तम मिश्रा पर विधायकों की खरीद-फरोख्त का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि ये लोग कांग्रेस के विधायकों को 25 से 35 करोड़ तक का ऑफर दे रहे हैं. मैं बिना तथ्यों के कोई आरोप नहीं लगाता हूं. शिवराज और नरोत्तम में सहमति बन गई है. एक मुख्यमंत्री, तो दूसरा डिप्टी सीएम बनने का सपना देख रहे हैं. शिवराज और नरोत्तम कांग्रेस विधायकों को फोन कर संपर्क कर रहे हैं. कांग्रेस विधायकों को 25 से 35 करोड़ तक का ऑफर दिया जा रहा है. उन्होंने आरोप लगाए कि विधायकों से कहा जा रहा है कि पांच करोड़ अभी ले लो. दूसरी किस्त राज्यसभा चुनाव में और तीसरी किस्त सरकार गिराने के बाद देंगे. इस सनसनीखेज आरोप के बाद प्रदेश की सियासत में भूचाल आ गया है. दिग्गी के इन आरोपों का बीजेपी जबाव भी दे रही है.



