Breaking

Tuesday, March 10, 2020

कांग्रेस छोड़ BJP में गए बिसाहूलाल सिंह, सिंधिया समर्थकों ने लगाई ताबड़तोड़ इस्तीफे की झड़ी

भोपाल. कांग्रेस के असंतुष्ट विधायक बिसाहूलाल सिंह ने भी पार्टी छोड़ दी है. वो बीजेपी में शामिल हो गए हैं. बिसाहूलाल सिंह ने कहा कि मैं कांग्रेस में अपनी उपेक्षा से दुखी था. उधर, ज्योतिरादित्य सिंधिया के कांग्रेस से इस्तीफे के बाद मध्य प्रदेश में उनके समर्थकों के बड़े पैमाने पर इस्तीफे देने का सिलसिला शुरू हो गया है. उनके निर्वाचन क्षेत्र रहे गुना-शिवपुरी से शुरू हुआ ये क्रम पूरे प्रदेश में फैल गया. इस राजनीतिक उठापटक के बीच बीच अनूपपुर के असंतुष्ट विधायक बिसाहूलाल सिंह ने भी विधान सभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है.
ज्योतिरादित्य सिंधिया के कांग्रेस से इस्तीफे के बाद उनके निर्वाचन क्षेत्र रहे शिवपुरी से इस्तीफों का सिलसिला शुरू हो गया. प्रदेश कांग्रेस महासचिव हरवीर सिंह, प्रदेश कांग्रेस सचिव राकेश जैन अमोल, विजय शर्मा, शहर कांग्रेस अध्यक्ष सिद्धांत लड़ा ने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया. उसके बाद प्रदेश कांग्रेस के सचिव राकेश जैन ने भी कांग्रेस छोड़ने में देर नहीं की.
अशोकनगर में हलचल:-
सिंधिया का इस्तीफा होते ही अशोकनगर में भी राजनीतिक हलचल तेज हो गयी. यहां पार्टी में अफरा तफरी सी मच गई. खबर मिलते ही बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी पार्टी दफ्तर पहुंचे और सिंधिया के समर्थन में दर्जनों पदाधिकारियों ने सामूहिक इस्तीफा दे दिया. इन लोगों ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नाम एक पत्र भी लिखा. शिवपुरी-कोलारस से कांग्रेस के पूर्व विधायक महेंद्र यादव ने भी कांग्रेस से त्यागपत्र दे दिया.उसके बाद खबर आई कि शिवपुरी के कांग्रेस कार्यकारी जिला अध्यक्ष राकेश गुप्ता ने भी कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया. वो बोले कि-हम सिंधिया के साथ.
प्रमोद टंडन ने छोड़ी कांग्रेस:-
ज्योतिरादित्य सिंधिया के इस्तीफे के साथ इंदौर कांग्रेस में भी बगावत शुरू हो गयी है. इंदौर शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रमोद टण्डन भी इस्तीफा दे दिया. वो पिछले डेढ़ साल से पार्टी से नाराज चल रहे थे. वो कई बार अपनी उपेक्षा के आरोप लगा चुके थे.
ग्वालियर व्यापार मेला अध्यक्ष का इस्तीफा:-
ग्वालियर में प्रवीण अग्रवाल ने भी कांग्रेस मप्र उधोग व्यापार प्रकोष्ठ के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष और ग्वालियर व्यापार मेला प्रधिकरण के उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने लिखा कि श्रीमंत ज्योतिरादित्य जी सिंधिया मेरे नेता हैं और मैं उनके साथ हूं. यह इस्तीफा लिखित में मुख्यमंत्री माननीय श्री कमलनाथ जी को भेज रहा हूं.
राजेन्द्र भारती ने छोड़ी कांग्रेस:-
उज्जैन से कांग्रेस विधायक रहे और ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थक राजेन्द्र भारती ने भी कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया. भोपाल जिला कार्यकारी अध्यक्ष कृष्णा घाडगे ने अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस छोड़ दी है.