भोपाल। महाराष्ट्र की शिवसेना सरकार के फैसले के बाद अब मध्यप्रदेश सरकार भी उसी की तर्ज पर आगे बढ़ रही है। अब मध्यप्रदेश में भी मुस्लिमों को आरक्षण देने की तैयारी की जा रही है। मध्यप्रदेश के मंत्री हुकुम सिंह कराड़ा ने इसका खुलासा किया है।
महाराष्ट्र सरकार की तर्ज पर मध्यप्रदेश की कांग्रेस सरकार भी मुस्लिम आरक्षण लागू करने की तैयारी में है। मध्यप्रदेश के मंत्री हुकुम सिंह कराड़ा ने मीडिया से चर्चा के दौरान यह बात कही है। वे महाराष्ट्र के मंत्री के उस बयान पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे थे, जिसमें महाराष्ट्र में मुस्लिमों को 5 फीसदी आरक्षण शिक्षा में देने की घोषणा की गई है। मंत्री कराड़ा ने कहा कि महाराष्ट्र से ज्यादा कोटा अल्पसंख्यकों को मध्यप्रदेश में मिलेगा। इसकी पॉलिसी तैयार हो रही है।
सूत्रों के मुताबिक कमलनाथ सरकार के मंत्री हुकुम सिंह कराड़ा ने महाराष्ट्र में एनसीपी कोटे के मंत्री नवाब मलिक के बयान पर अपनी प्रतिक्रिया दी। कराड़ा ने कहा कि 'अल्पसंख्यकों के बारे में हमारा एजेंडा तैयारी में हैं। कुछ दिनों बाद आप देखेंगे कि महाराष्ट्र से बढ़कर राहत मिलने वाली है।
मंत्री हुकुम सिंह कराड़ा ( Hukum Singh Karada ) ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि मध्यप्रदेश में कमलनाथ सरकार भी अल्पसंख्यकों के लिए सरकारी स्कूलों और कॉलेजों में आरक्षण का रास्ता साफ कर सकती है।
महाराष्ट्र में क्या हुआ फैसला:-
-महाराष्ट्र की उद्धव ठाकरे सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए सरकारी स्कूलों और कॉलेजों में मुस्लिमों को 5 प्रतिशत आरक्षण ( 5% Quota To Muslims ) देने का फैसला किया है।
-महाराष्ट्र ( Maharastra ) में जारी विधानसभा सत्र के बीच गठबंधन सरकार में एनसीपी (Ncp) के कोटे से मंत्री नवाब मलिक ने शुक्रवार को यह जानकारी दी थी।
-नवाब मलिक ने बताया था कि अभी सरकारी स्कूलों और कॉलेजों में मुस्लिमों को 5 फीसदी आरक्षण दिया गया है। प्रायवेट स्कूलों और प्राइवेट नौकरियों में भी मुस्लिमों को यह आरक्षण देने पर विचार किया जा रहा है।
