Breaking

Thursday, March 19, 2020

दिग्विजय सिंह बॉलीवुड में होते तो अमिताभ बच्चन को भी मात कर देते

भोपाल. मध्य प्रदेश में जारी सियासी उठापटक के बीच भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह पर तंज कसा है। कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि अगर दिग्विजय सिंह बॉलीवुड में होते तो अमिताभ बच्चन को भी मात कर देते। दरअसल, बुधवार की सुबह मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह बेंगलुरू में बागी विधायकों से मिलने पहुंचे थे।
दिग्विजय सिंह के बेंगलुरू पहुंचकर धरना देने पर कैलाश विजयवर्गीय ने तंज कसते हुए ट्वीट किया और लिखा, 'बेंगलुरु में नौटंकी !!! हमारा सौभाग्य है कि ये माननीय राजनीति में है। यदि बॉलीवुड में होते तो अमिताभ बच्चन जी को भी मात कर देते!
गौरतलब है कि दिग्विजय सिंह कांग्रेस नेताओं के साथ बुधवार सुबह-सुबह ही बेंगलुरु पहुंचे थे। कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने एयरपोर्ट में उनकी अगवानी की। कांग्रेस नेता एयरपोर्ट से सीधे रमाडा होटल पहुंचे लेकिन पुलिस ने उन्हें होटल के अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई। दिग्विजय इससे नाराज होकर होटल के बाहर ही धरने पर बैठ गए थे।
बता दें कि मध्य प्रदेश कांग्रेस के 22 विधायक रामडा होटल में ठहरे हुए हैं। कांग्रेस के 22 विधायकों ने पार्टी और पद से इस्तीफा दे दिया है। हालांकि विधानसभा अध्यक्ष ने 6 विधायकों (जो कमलनाथ कैबिनेट में मंत्री थे) के इस्तीफे मंजूर कर लिए हैं जबकि अन्य 16 विधायकों के इस्तीफे अभी तक मंजूर नहीं किए गए हैं। इन स्थितियों में भाजपा का आरोप है कि सरकार अल्पमत में है। वहीं कांग्रेस की ओर से भाजपा पर विधायकों को बंधक बनाए जाने के आरोप लगाए जा रहे हैं।