Breaking

Friday, March 13, 2020

कुमार विश्वास ने सिंधिया पर कसा तंज, ‘तू न समझेगा सियासत तू अभी नादान है…’

भोपाल। 18 साल से कांग्रेस के साथ खड़े ज्योतिरादित्य सिंधिया अब पूरी तरीके से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के रंग में रंग चुके हैं। जब से उन्होंने बीजेपी में कदम रखा है, तब से पूरी कांग्रेस पार्टी में उथल-पुथल मची हुई है। वहीं दूसरी और डॉ. कुमार विश्वास ने ज्योतिरादित्य सिंधिया के कांग्रेस छोड़ भाजपा में जाने के बाद और मध्य प्रदेश के सियासी हालात पर शायरी के जरिए तंज कसा है।
उन्होंने एक पत्रकार के द्वारा किए गए ट्वीट को शेयर करते हुए ताना मारा है। उन्होंने दुष्यंत कुमार का एक शेर साझा किया, जो यूं है – ‘मस्लहत-आमेज़ होते हैं सियासत के क़दम, तू न समझेगा सियासत तू अभी नादान है…’। इससे पहले भी कुमार विशवास मध्यप्रदेश के सियासी ड्रामे पर खुलकर बोलते रहे हैं और सोशल मीडिया के जरिये अपनी बात रखते रहे हैं। कुछ दिन पहले भी उन्होंने मध्य प्रदेश के सियासी समीकरण पर टिप्पणी की थी। कुमार विश्वास ने लिखा था कि, ‘लगता है सूर्य और सैटेलाइट भी मध्य प्रदेश की राजनीति पर टिप्पणी कर रहे हैं’।
बता दें कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थामने के बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया पहली बार कल भोपाल पहुंच गए हैं। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। राजा भोज एयरपोर्ट से भाजपा कार्यालय तक उनका रोड शो निकाला गया। इस मौके पर भाजपा कार्यकर्ता और सिंधिया समर्थक उनके स्वागत के लिए बड़ी संख्या में पहुंचे।