बेंगलुरू. सिंधिया समर्थक विधायकों ने एक बार फिर से वीडियो जारी किया है। सिंधिया समर्थक विधायकों ने वीडियो जारी कर मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह को करारा जवाब दिया है। सिंधिया समर्थक नेताओं ने कहा कि हम दिग्विजय सिंह से नहीं मिलना चाहते हैं। हम कर्नाटक पुलिस से अपील करते हैं कि वो हमें सुरक्षा प्रदान करें हम दिग्विजय सिंह के साथ नहीं जाना चाहते हैं। वहीं, मध्यप्रदेश की पूर्व महिला एवं बाल विकास मंत्री इमरती देवी ने कहा कि हम उस कांग्रेस में नहीं रहना चाहते हैं जिस कांग्रेस में दिग्विजय सिंह हों।
क्या कहा विधायकों ने:-
ग्वालियर पूर्व से कांग्रेस विधायक मुन्ना लाल गोयल ने कहा- मैं बेंगलुरू अपनी स्वेच्छा से आया हूं। मुझे पता चला है कि मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह जी हमसे मुलाकात करने आए हैं लेकिन हम उनसे कोई मुलाकात नहीं करना चाहते हैं। उन्होंने ये भी कहा कि दिग्विजय सिंह ने ही मध्यप्रदेश में कांग्रेस का बंटाधार किया है।
सुमावली से कांग्रेस विधायक एंदल सिंह कंसाना ने कहा कि हम अपनी मर्जी से यहां आए हैं औऱ अपनी ही मर्जी से जाएंगे। एक साल तक हमने इनसे बहुत बात कर ली जब उन्होंने एक साल में हमारी बात नहीं सुनी तो एक दिन में दिग्विजय सिंह हमारी कौन सी बात सुन लेगें। हमें दिग्विजय सिंह से कोई मुलाकात नहीं करनी है।
विधायक राजवर्धन सिंह दत्तीगांव ने कहा- मैंने पूर्व में ही कहा था कि मैं कांग्रेस के किसी नेता से नहीं मिलना चाहता हूं। उन्होंने कहा कि मैं कर्नाटक पुलिस से अपील करता हूं कि हमारी सुरक्षा बढ़ाई जाए जिस तरह से सिंधिया जी पर हमला हो सकता है उसी तरह हम पर भी हमला हो सकता है। इसलिए हम चाहते हैं कि हमें सुरक्षा दी जाए। उन्होंने कहा कि हम कांग्रेस के किसी भी नेता से मुलाकात करने की स्थिति में नहीं हैं।
क्या कहा पूर्व मंत्रियों ने:-
महिला एवं बाल विकास की पूर्व मंत्री इमरती देवी ने कहा- मैं अपनी स्वेच्छा से बेंगलुरू आई हूं और दिग्विजय सिंह के कारण ही हम मध्यप्रदेश से भागे हैं। हम ऐसी पार्टी में नहीं रहना चाहते हैं जिसमें दिग्विजय सिंह हों। हमें बेंगलुरू में सुरक्षा प्रदान की जाए। पूर्व मंत्री गोविंद सिंह राजपूत और डॉ प्रभुराम चौधरी ने कहा कि हम अपनी स्वेच्छा से यहां आए हैं और हम कांग्रेस के किसी भी नेता से मुलाकात नहीं करना चाहते हैं।
बेंगलुरू गए थे दिग्विजय सिंह:-
मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह, मध्यप्रदेश के वित्त मंत्री तरुण भनोत, विधायक आरिफ मसूद समेत कई बड़े नेता रमाडा होटल में ठहरे कांग्रेस के 16 बागी विधायकों को मनाने के लिए बेंगलुरू पहुंचे थे। कर्नाटक पुलिस ने दिग्विजय सिंह को होटल के अंदर जाने से रोक दिया जिसके बाद दिग्विजय सिंह होटल के बाहर धरने पर बैठ गए थे। धरने पर बैठने के कारण पुलिस ने दिग्विजय सिंह समेत कई नेताओं को हिरासत में ले लिया था।