Breaking

Monday, May 18, 2020

मध्‍य प्रदेश की 24 विधानसभा सीटों पर भाजपा ने बिछाई चुनावी बिसात, ये है जीत का गणित

भोपाल। प्रदेश में शीघ्र ही 24 सीटों पर होने वाले उपचुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी रणनीतिक तैयारियां शुरू कर दी हैं। रविवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश भाजपा मुख्यालय पहुंचकर अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा और संगठन महामंत्री सुहास भगत से रणनीति पर चर्चा की। तीनों नेताओं के बीच खासतौर पर मंत्रिमंडल विस्तार, उपचुनावों की तैयारी और प्रदेश कार्यसमिति की टीम गठन पर मंथन चलता रहा।
भाजपा ने प्रदेश में उपचुनाव को लेकर सभी 24 सीटों पर जमावट शुरू कर दी है। प्रदेश अध्यक्ष और संगठन महामंत्री भगत ने संबंधित जिलों के वरिष्ठ पदाधिकारियों और नेताओं के साथ ऑनलाइन बैठकों का सिलसिला भी शुरू कर दिया है। उल्लेखनीय है कि इन 24 में से 23 सीटों पर कांग्रेस काबिज रही है, इसलिए भाजपा के सामने उपचुनाव में जीत दर्ज करने की कड़ी चुनौती है। यही कारण है कि मैदानी तैयारियों को व्यवस्थित स्वरूप देने के लिए सभी सीटों पर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के विस्तारकों को तैनात किया गया है।
उपचुनाव वाली दो दर्जन सीटों में से 22 सीट वे हैं, जहां से चुने गए कांग्रेस विधायकों ने सामूहिक तौर पर कमल नाथ सरकार के खिलाफ असंतोष जताते हुए विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। एक साथ 22 सदस्यों के कम होने से कमल नाथ सरकार सत्ता से बाहर हो गई और सबसे बड़े दल के नाते भाजपा की सरकार बन गई।
कांग्रेस के इन सभी नेताओं ने सामूहिक इस्तीफे के बाद भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली और अब यह तय माना जा रहा है कि ये लोग अब भाजपा के टिकट पर पुनः अपने विधानसभा क्षेत्र से उपचुनाव लड़ेंगे। मंत्रिमंडल विस्तार पर विमर्श मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर भी सत्ता और संगठन में विचार-विमर्श चल रहा है।
संभावना है कि जल्दी ही शिवराज मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा। इस संबंध में मुख्यमंत्री भी संकेत दे चुके हैं। कांग्रेस के जिन नेताओं के कारण भाजपा की सरकार बनी उनकी ओर से भी इस मुद्दे पर दबाव बढ़ रहा है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा की भावी टीम जल्दी घोषित किए जाने की चर्चा भी इस दौरान हुई।