चालाकी से एटीएम कार्ड बदलने के बाद धोखाधड़ी करने वाले युवक के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है।
गुना। एटीएम में लोगों के पीछे खड़े होकर चुपचाप पासवर्ड देख लेने के बाद चालाकी से एटीएम कार्ड बदलने के बाद धोखाधड़ी करने वाले युवक के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि युवक हरियाणा का है, जिसे शुक्रवार की शाम लोगो ने पकड़ लिया था। उसकी गैंग में दो अन्य युवक भी शामिल हैं। उक्त युवक एक्सिस बैंक के एटीएम में एक व्यक्ति के पीछे खड़े होकर पासवर्ड देख लेने के बाद चालाकी से एटीएम बदल रहा था, लेकिन पकड़ा गया। लोगों ने युवक को पकड़कर कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया। युवक के पास से विभिन्न् बैंक के 22 एटीएम कार्ड मिले। युवक का नाम जोनी पुत्र जिलेसिंह सांसी उम्र 24 वर्ष निवासी ग्राम मोकरा थाना महेम जिला रोहतक हरियाणा है। युवक के गिरोह में दो युवक और भी शामिल थे, जो युवक को लोगों द्वारा पकड़ लिए जाने के बाद मौके से भाग गए थे। उनके नाम पुलिस ने जगदीश और प्रवीण उर्फ परवीन सांसी निवासी हरियाणा बताए हैं। तीनों युवक एटीएम कक्ष में घुसकर लोगों को बेवकूफ बनाकर धोखाधड़ी करते थे। पकड़े गए युवक ने गुना में दो-तीन घटनाएं भी कबूल की हैं, जिसमें करीब 70-80 हजार स्र्पए का लोगों को चूना लगाना स्वीकारा है। युवक को न्यायालय में पेश कर रिमांड मांगा जाएगा, ताकि यह पता किया जा सके कि उसके द्वारा किस-किस व्यक्ति के साथ धोखाधड़ी की गई।
कुछ इस तरह बदलता था एटीएम
एटीएम में व्यक्ति के पीछे खड़े होने के बाद युवक पासवर्ड देखकर लोगों से पूछताछ करने लगता था। जैसे क्या आपको बैलेंस देखना है या अन्य कोई परेशानी है। जैसे ही व्यक्ति युवक के झांसे में आता, तो युवक एटीएम कार्ड लेकर इस्तेमाल करने लगता था और चालाकी से अपने पास रहे दूसरे एटीएम से व्यक्ति के कार्ड को बदल देता था और व्यक्ति के जाने के बाद एटीएम से स्र्पए उड़ा लेता था।
