Breaking

Monday, July 9, 2018

भाजपा नेताओं के संरक्षण में अब मध्य प्रदेश बनता जा रहा है बलात्कार प्रदेश: कमलनाथ

भोपाल। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कमलनाथ ने कहा है कि मध्य प्रदेश अब बलात्कार प्रदेश बनता जा रहा है। पूरे देश में बदनामी हो रही है, इस मामले में ये पहले नंबर पर है। ऐसा कोई दिन नहीं, जब प्रदेश में दुष्कर्म के मामले सामने नहीं आते। भाजपा नेताओ के संरक्षण में इस तरह की घटनाएं हो रही हैं। पूरे प्रदेश में महिलाओं में असुरक्षा का माहौल है। कमलनाथ ने कहा कि प्रदेश की राजधानी भी सुरक्षित नहीं है। अब मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र में भी दो आदिवासी नाबालिग भांजियो से दुष्कर्म हुआ है। शिवराज के राज में आख़िर प्रदेश का कौनसा हिस्सा बेटियों के लिये सुरक्षित है....? खंडवा में 200 किसानों की आत्महत्या की धमकी पर कमलनाथ ने कहा कि पूरे प्रदेश में आज किसानों की हालत बदतर है। किसान प्रतिदिन आत्महत्या कर रहा है। सरकार आत्महत्या के कारण के पीछे बढ़ते कर्ज व सरकार की नीतियों को मानने की बजाय घरेलू विवाद व अन्य कारण बताने में लगी है। 

ये प्रदेश के लोगों का अपमान- भाजपा
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राहुल कोठारी ने कमलनाथ के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि कमलनाथ ने  मध्य प्रदेश को बलात्कारी प्रदेश कहकर मध्य प्रदेश वासियों के संस्कारों को ललकारा है। उनका अपमान किया है। कमलनाथ को मध्यप्रदेश के लोगों के चरित्र पर उंगली उठाने का कोई हक नहीं है। अगर उनको मध्यप्रदेश इतना ही बुरा लगता है तो वह यहां से रुखसत हो सकते हैं।