Breaking

Monday, September 10, 2018

म.प्र. शासकीय ख़बरें

1- राष्ट्रीय प्रतिभा खोज परीक्षा 4 नवंबर को
भोपाल मानव संसाधन विकास मंत्रालय द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए प्रतिवर्ष राष्ट्रीय कम मिंस छात्रवृत्ति चयन परीक्षा एवं राष्ट्रीय प्रतिभाखोज चयन परीक्षा का आयोजन करता है। वर्ष 2018-19 की यह परीक्षा 4 नवंबर को राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा निर्धारित परीक्षा केंद्रों में की जाएगी। इस परीक्षा में चयनित होने वाले विद्यार्थियों को कक्षा 9वीं से 12वीं तक प्रतिवर्ष 12 हजार रूपए की राशि प्रदान की जाती है। इस परीक्षा में शामिल होने के लिए विद्यार्थी स्कूल प्रधान या प्राचार्य से आवेदन प्राप्त कर एमपी ऑनलाईन के माध्यम से आवेदन 6 सितंबर तक कर सकते है।

2- अल्पसंख्यक पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिये, ऑनलाइन आवेदन फारवर्ड करने की अन्तिम तिथि 15 अक्टूबर
भोपाल शैक्षणिक सत्र 2018-19 में अल्पसंख्यक समुदाय के छात्र-छात्राओं के लिये अल्पसंख्यक पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति मैरिट कम मीन्स छात्रवृत्ति योजना के अन्तर्गत नवीन एवं नवीनीकरण विद्यार्थियों के लिये ऑनलाइन आवेदन भरने की अन्तिम तिथि 30 सितम्बर है। विद्यार्थियों द्वारा भरे गये ऑनलाइन नवीन एवं नवीनीकरण आवेदनों को शैक्षणिक संस्थाओं द्वारा नियमानुसार एवं पात्रता अनुसार अगले चरण हेतु ऑनलाइन फारवर्ड करने की अन्तिम तिथि 15 अक्टूबर निर्धारित की गई है।   विद्यार्थियों द्वारा वेब साइट www.scholarships.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन किये जा सकते हैं। योजना से सम्बन्धित विस्तृत दिशा-निर्देश एवं मानक संचालन प्रक्रिया नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल पर उपलब्ध है।

3- पेंशन आपके द्वार पूरे प्रदेश में लागू
भोपाल सामाजिक न्याय एवं निःशक्तजन कल्याण विभाग द्वारा पेंशन आपके द्वारा नई व्यवस्था प्रारंभ की गई है। इस व्यवस्था के अंतर्गत 5 किमी से अधिक दूरी वाले ग्रामीण क्षेत्र के कल्याणी, दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ वृद्धजन पेंशन के हितग्राहियों को पेंशन का भुगतान निश्चित तिथि और निकटतम स्थान, बैंक कारस्पोंडेंट व पोस्ट ऑफिस के माध्यम से प्राप्त हो।  सामाजिक न्याय एवं निःशक्तजन कल्याण विभाग के प्रमुख सचिव द्वारा निर्णय अनुसार यह व्यवस्था पूरे प्रदेश में लागू की गई है। पेंशन आपके द्वार के क्रियान्वयन के लिए ग्रामीण क्षेत्रों के सभी बीसी केंद्रों तथा पोस्ट ऑफिस केंद्रों पर प्रत्येक माह की 7 तारीख को या इस दिन अवकाश होने से एक दिन पूर्व भुगतान किया जाएगा।