भोपाल सीधी जनआशीर्वाद यात्रा पर चुरहट में हुए पथराव के बाद सीधी पहुंचे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को यहां भी अप्रिय घटना का सामना करना पड़ा। मुख्यमंत्री रात करीब 11.30 बजे जब जनसभा को संबोधित कर रहे थे, उसी दौरान भीड़ से किसी ने उन पर चप्पल फेंक दी। हालांकि, चप्पल उन्हें लगी नहीं और बगल में गिरी। इसके बाद मुख्यमंत्री ने बोलना बंद कर दिया। मुख्यमंत्री के सुरक्षा जवानों ने उन्हें पूरी तरह से सुरक्षा घेरे में ले लिया। कुछ देर के लिए सभा में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। हरकत में आई पुलिस ने कुछ लोगों को मौके से गिरफ्तार किया था। सुबह भी कुछ लोगों को गिरफ्तार किया गया। लेकिन, चप्पल किसने फेंकी इसका पता नहीं लग पाया। चुरहट में हुई घटना के बाद तनाव में दिख रहे मुख्यमंत्री चप्पल फेंके जाने की घटना के बाद चौंक गए। असल में, यहां पर लोग पहले से ही शिवराज सिंह चौहान वापस जाओ के नारे लगा रहे थे, इसी बीच किसी ने मुख्यमंत्री की तरफ चप्पल उछाल दी। मंच पर 10-15 मिनट तक सुरक्षाकर्मी मुख्यमंत्री को घेर कर खड़े रहे।
