Breaking

Tuesday, September 25, 2018

अमित शाह का कांग्रेस पर हमला बोले NRC पर कांग्रेस ऐसे चिल्ला रही है जैसे नानी मर गई हो

भोपाल मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव का बिगुल फूंका जा चुका है. राज्य में भारतीय जनता पार्टी की यात्रा पहले से ही निकल रही है और आज भोपाल में बीजेपी कार्यकर्ताओं के महाकुंभ का आयोजन किया जा रहा है. इस रैली में खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह, राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान समेत कई दिग्गज नेता मौजूद हैं. भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि हमारी पार्टी 10 सदस्यों के साथ शुरू हुई थी, आज हमारे पास 10 करोड़ से अधिक कार्यकर्ता हैं. 19 से अधिक राज्यों में हमारी सरकार है. BJP अध्यक्ष बोले कि अगले साल जब दीनदयाल जी की जयंती होगी, तब तक देश में 5 राज्य और लोकसभा के चुनाव हो चुके होंगे. इन सभी चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की जीत होगी.
अमित शाह ने कहा कि राहुल गांधी को सपने आते हैं कि राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार बन रही है. मध्यप्रदेश में BJP की सरकार से पहले श्रीमान बंटाधार का शासन था. शाह ने कहा कि पहले यूपीए की सरकार बीजेपी की राज्य सरकारों को विकास के लिए पैसा नहीं देती थी.
बीजेपी अध्यक्ष बोले कि आज देश का सम्मान बढ़ा है, प्रधानमंत्री दुनिया में जहां पर भी जाते हैं वहां सिर्फ मोदी-मोदी के नारे लगते हैं. केंद्र सरकार की अगुवाई में आज देश के हर गांव में बिजली पहुंच चुकी है, 7.5 करोड़ परिवारों को शौचालय मिल गया है. उन्होंने ऐलान किया कि 12 अक्टूबर को बीजेपी राजमाता का जन्मदिवस मनाएगी. अमित शाह ने रैली में मौजूद सभी कार्यकर्ताओं को नमो ऐप डाउनलोड करने की अपील की.
BJP अध्यक्ष बोले कि आज यहां पर 5 लाख से अधिक कार्यकर्ता आए हैं हर किसी को 3-3 लोगों से नमो ऐप डाउनलोड करवानी चाहिए. उन्होंने कहा कि हमारी सरकार NRC बनाकर देश में घुसपैठियों को बाहर निकालेगी. उन्होंने कहा कि असम में अभी सिर्फ शुरुआत की है और कांग्रेस ऐसे चिल्ला रही है जैसे नानी मर गई हो।