भोपाल। सत्ता में वापसी के लिए भाजपा आज मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में कार्यकर्ताओं का महाकुंभ करने जा रही है। इस महाकुंभ के माध्यम से पीएम मोदी और पार्टी अध्यक्ष अमित शाह चुनावी शंखनाद करेंगें। दावा है कि इसमें 10 लाख से ज़्यादा कार्यकर्ता शामिल होंगे। इसके साथ ही यह विश्व का सबसे बड़ा कार्यकर्ता सम्मेलन होगा। कार्यकर्ता महाकुंभ को भव्य बनाने के लिए पार्टी ने पूरी ताकत झोंकी दी है, स्टेट हैंगर से लेकर जंबूरी मैदान स्थित कार्यक्रम स्थल तक चप्पे-चप्पे पर पुलिस फोर्स तैनात है। एसपीजी के अलावा पुलिस ने थ्री लेयर सुरक्षा व्यवस्था लगाई है। भारी भीड़ की वजह से आम जनता को ट्रैफिक को लेकर दिक्कत न हो, इसके लिए भी कई मार्गों को डायवर्ड किया गया है। इन सब के बावजूद पुलिस सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आई है। बीती रात पीएम मोदी और अमित शाह समेत कई भाजपा नेताओं के पोस्टरों पर कालिख पोती गई है। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिसकर्मियों ने शहरभर में घूम पोस्टर हटाए और रातों रातों उनकी जगह नए पोस्टर लगाए गए।इसमें सुरक्षा एजेंसियों की भी बड़ी चूक देखने को मिली है। चुंकी प्रदेश में एससी-एसटी का मुद्दा गरमाया हुआ है, जिसको लेकर सपाक्स पहले सरकार को चेतावनी दे चुका था, बावजूद इसके लापरवाही बरती गई और ये घटना हो गई।हालांकि घटना की सूचना मिलते ही पुलिसकर्मियों ने 108 वाहन बुलवाकर पोस्टर हटवाए। इस घटना के बाद एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे है, साथ ही ये डर भी बढ़ गया है कि आज जब प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह आएंगें तब सवर्णों और सपाक्स का क्या एक्शन होगा। घटना के बाद से ही भाजपा में हड़कंप मच गया है। सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
