Breaking

Friday, October 5, 2018

BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह एवं प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह की 'डायरी' से तय होंगे उम्मीदवारों के टिकट

भाजपा के नए फरमान से विधायकों और दावेदारों मे परेशानी: एजेंसियों के सर्वे रिपोर्ट की मान्यता नहीं


रिपोर्ट- पंकज पाराशर छतरपुर
भोपाल। आगामी विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने कई स्तर पर टिकट के लिए चुनावी सर्वे कराया है, लेकिन इस बार टिकट का चयन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह एवं प्रदेशाध्यक्ष राकेश सिंह की डायरी में दर्ज दावेदारों के नामों में से होगा। विधायकों को टिकट से बेदखल किया जा सकता हैंl दिग्गज नेताओं ने पार्टी के जमीनी नेताओं से फीडबैक लेकर सभी विधानसभा सीटों से टिकट के दावेदारों की लिस्ट तैयार की है। इसी के आधार पर टिकटों का चयन होगा। उनके पास हर विधानसभा क्षेत्र से 2 से 3 दावेदारों की कुंडली है। हाल ही में उन्होंने सभी जिलों के पूर्व एवं वर्तमान पदाधिकारियों से सामूहिक एवं वन-टू-वन चर्चा कर टिकट के दावेदारों के नाम जुटाए हैं और जीत की संभावना पर फीडबैक लिया है। राकेश सिंह ने पिछले एक पखवाड़े के भीतर प्रदेश के सभी जिलों के जिलाध्यक्ष, पूर्व जिलाध्यक्ष, जिले के प्रदेश एवं राष्ट्रीय पदाधिकारी समेत अन्य नेताओं को अलग-अलग दिन चर्चा के लिए समय बुलाया। एक दिन में राकेश सिंह ने 5 से 6 जिलों के नेताओं से सामूहिक एवं वन-टू-वन चर्चा कर जमीनी फीडबैक लिया है। खास बात यह है कि राकेश सिंह ने हर नेता के सुझाव / खामी को नोट किया है। उन्होंने जिलों के नेताओं से मौजूद विधायकों का रिपोर्ट कार्ड एवं अगले चुनाव के लिए जीत के प्रवल दावेदारों के नाम भी मांगे। जिलों पदाधिकारियों से चर्चा का दौर खत्म हो गया है। जिलों से मिले फीडबैक के आधार पर राकेश सिंह ने हर विधानसभा क्षेत्र की रिपोर्ट तैयार कर ली है। जिसमें पार्टी के मौजूदा विधायकों की परफार्मेंस रिपोर्ट भी है।
नेताओं को दिया खुलकर बोलने का मौका-
प्रदेशाध्यक्ष से मुलाकात करने वाले ज्यादातर जिलों के पदाधिकारी राकेश सिंह से पहली बार बंद कमरे में चर्चा के लिए मिले। इस दौरान ज्यादातर नेता खुलकर बात रखने में संकोच कर रहे थे। जिस पर प्रदेशाध्यक्ष को कहना पड़ा कि वे खुलकर अपनी बात रखें। उन्होंने पहले जिलों में संगठन की खामी, विधायकों की निगेटिव रिपोर्ट एवं अन्य कमजोरियों पर फीडबैक लिया। इसके बाद उन्होंने जिलों के नेताओं से वन-टू-वन चर्चा में हर विधानसभा क्षेत्र से 2 से 3 दावेदारों के नाम मांगे।
एजेंसी से ज्यादा सिंह की रिपोर्ट को मिलेगी तवज्जो-
भाजपा ने कई स्तर पर चुनावी सर्वे कराया है। जिसमें मौजूदा विधायकों की जनता में पकड़, जीतने की संभावना से लेकर नए नेताओं की रिपोर्ट तक शामिल हैं। बताया गया कि मुख्यमंत्री ने भी अपने पर सर्वे कराया है। जिसका उन्होंने विधायक दल की पिछली बैठक में जिक्र भी किया था। बताया गया कि राकेश सिंह ने जो रिपोर्ट तैयार की है, वे उसे चुनाव समिति की बैठक में साथ लेकर बैठेंगे। इस बार टिकट चयन में एजेेंसी की सर्वे रिपोर्ट से ज्यादा राकेश सिंह की रिपोर्ट को तवज्जो दी जाएगी।