Breaking

Monday, January 28, 2019

जादू-टोना के चक्कर में एक ही परिवार के 5 लोगों की बेरहमी से हत्या

राउरकेला। ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के कोइडा प्रखंड के सान इंदुपुर में शुक्रवार देर रात एक ही परिवार के पांच सदस्यों की हत्या कर दी गई। इनमें मां व चार बच्चे शामिल हैं। इस सिलसिले में कोइडा थाने की पुलिस ने छह पड़ोसियों को गिरफ्तार किया है। इनसे पूछताछ में पर्दाफाश हुआ है कि हत्या जादू-टोना के चक्कर में की गई है। आरोपितों में डेबरा मुंडा, उसके तीन साले किसरी उर्फ राजू मुंडा, सालू मुंडा, डागा मुंडा के अलावा मोटू उर्फ राइदान मुंडा व तांत्रिक बुद्धूराम मुंडा शामिल हैं। तांत्रिक मुख्य आरोपित है। सुंदरगढ़ जिले के पुलिस अधीक्षक डॉ. उमाशंकर दास ने बताया कि मृतका के पति सुदाम मुंडा की शिकायत पर पुलिस ने हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली है। सुदाम मुंडा पेशे से वाहन चालक है। वह काम के सिलसिले में बाहर गया था। जब शनिवार की सुबह लौटा तो देखा कि घर में कोई नहीं है। जगह-जगह खून के छींटे पड़े हैं। उसने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस खोजी कुत्तों की मदद से गांव के एक कुएं तक पहुंची। कुआं से ही सुदाम की पत्नी कुनी, कुनी की 10 वर्ष की बेटी मारा मुंडा, नौ वर्षीय पुत्र टेकेन मुंडा, चार वर्षीय चांदरा मुंडा और एक साल के पुत्र का शव बरामद हुआ। आरोपितों ने बताया कि उन्हें शक था कि कुनी जादू-टोना कर रही है। इस कारण ग्रामीण बीमार पड़ रहे हैं। इसलिए उन्होंने हत्या कर शव को कुएं में डाल दिया। पुलिस अधीक्षक के मुताबिक जांच के दौरान पुख्ता सुबूत मिले हैं कि वारदात के पीछे जादू-टोना वजह थी। मृतका कुनी की पहली शादी टागरू मुंडा के साथ हुई थी। उससे दो बेटा और दो बेटी थे। टागरू मुंडा की मौत के बाद एक वर्ष पूर्व कुनी ने सुदाम के साथ दूसरी शादी कर ली थी।