वायनाड, प्रेट्र। केरल के वायनाड जिले में एक कांग्रेस नेता ने आदिवासी घरेलू सहायक की नाबालिग बेटी से दुष्कर्म किया। पीडि़ता के पिता की शिकायत पर दुष्कर्म व पोक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपित फरार है। पुलिस के अनुसार, किशोरी के पिता ने बताया कि जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व महासचिव ओएम जॉर्ज पिछले एक साल से उनकी नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म कर रहा था। वह किशोरी को ब्लैकमेल करते हुए धमकी भी देता था। किशोरी के माता-पिता जॉर्ज के यहां घरेलू सहायक का काम करते थे। किशोरी उनके साथ जॉर्ज के घर अक्सर आती जाती थी। यह मामला करीब एक सप्ताह पहले प्रकाश में तब आया जब उन्होंने जॉर्ज को फोन पर धमकाते हुए सुना। किशोरी ने आत्महत्या का प्रयास भी किया था। किशोरी के पिता ने आरोप लगाया कि स्थानीय कांग्रेस नेता उन पर केस वापस लेने के लिए दबाव बना रहे हैं। केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एम रामचंद्रन ने जॉर्ज के निलंबन की घोषणा करते हुए कहा कि उसके खिलाफ जांच जारी है।
