Breaking

Tuesday, January 22, 2019

लोकसभा चुनाव में इसबार फ़िल्म अभिनेताओं के साथ यह मशहूर हस्तियां आजमा सकती हैं किस्मत

मुम्बई। लोकसभा चुनाव बस कुछ महीने दूर हैं. जल्‍द ही इनकी तारीखों का ऐलान होने वाला है. ऐसे समय में क्रिकेट और बॉलीवुड सितारों के चुनावी समय में उतरने की अटकलें भी तेज हो गई हैं. कई के बारे में कयास लगाए जा रहे हैं तो कुछ ने अभी से ऐलान कर दिया है कि वह चुनाव लड़ेंगे. आइए आपको बताते हैं वह कौन-कौन से सेलिब्रेटी हैं जो आगामी लोकसभा चुनाव लड़ सकते हैं. माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी प्रमुख अमित शाह के नेतृत्व में भाजपा ने स्‍टार उम्मीदवारों की एक सूची तैयार की है. इसमें अजय देवगन का भी नाम है. कई रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि अक्षय कुमार भी बीजेपी की सूची में हैं. अक्षय कुमार कई मौकों पर पीएम नरेंद्र मोदी की तारीफ कर चुके हैं. राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के नेता जयंत चौधरी ने बुधवार को भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज आरपी सिंह से मुलाकात की. रालोद नेता की यह मुलाकात लखनऊ स्थित चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर हुई. इसके बाद से कयास लगाए जाने लगे की आरपी सिंह, रालोद से चुनाव लड़ सकते हैं. कई मीडिया रिपोर्ट्स का दावा है कि बीजेपी आलाकमान गौतम गंभीर के पास भी प्रस्ताव लेकर जा सकती है. गौतम गंभीर जिस तरह से आम आदमी पार्टी पर हमले बोल रहे हैं और उनके संन्‍यास लेने की टाइमिंग ने भी अटकलों को बल दिया है. कयास लगाए जा रहे हैं कि फिल्म स्टार गोविंदा एक बार फिर राजनीति में लौट सकते हैं. माना जा रहा है कि इस बार भी वह कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे. वह मुंबई की एक सीट से सांसद रह चुके हैं. कपिल देव के बारे में भी यही कयास लगाए जा रहे हैं कि बीजेपी हाईकमान उनसे चुनाव लड़ने के संबंध में संपर्क कर सकता है. अभिनेता कमल हासन भी चुनाव लड़ेंगे. उन्होंने इसका ऐलान खुद किया है. कमल हासन ने अपना राजनीतिक दल भी बना लिया है जिसका नाम मक्कल नीधि मय्यम है. भोपाल से फिल्म एक्ट्रेस करीना कपूर लोकसभा चुनाव लड़ेंगी. उन्हें कांग्रेस से टिकट दिए जाने की चर्चा है. पार्टी के कुछ नेता ऐसा चाहते हैं और अपनी इच्छा हाईकमान राहुल गांधी को बता चुके हैं. करीना के ससुर और पूर्व क्रिकेटर मंसूर अली खां पटौदी भोपाल से लोकसभा चुनाव लड़ चुके हैं. हालांकि वे हार गए थे. कुछ रिपोर्ट्स में यह सामने आया है कि फिल्म एक्ट्रेस माधुरी दीक्षित बीजेपी के टिकट से चुनाव लड़ सकती हैं. उनके पुणे लोकसभा सीट से मैदान में उतरने की खबरें हैं. उत्तर प्रदेश के मेरठ निवासी पूर्व क्रिकेटर प्रवीण कुमार भी चुनाव लड़ सकते हैं. बीते दिनों वह समाजवादी पार्टी में शामिल हुए थे. तमिल सुपरस्टार रजनीकांत ने साल 2017 के आखिरी दिन अपनी नई सियासी पारी की शुरुआत का ऐलान कर दिया था. वह भी चुनाव लड़ेंगे.