नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में कार में एक युवती के साथ गैंगरेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक महिला द्वारा पुलिस में की गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उसके दोस्त ने अपने दो साथियों के साथ एक मॉल के नजदीक जूस में नशीली दवा मिलाकर पिलाई और बाद में तीनों ने उसका रेप किया। मामला सोमवार का बताया जा रहा है। पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस के मुताबिक, किसी राहगीर ने युवती को कार के अंदर रोते-चिल्लाते हुए देखा जिसके बाद पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता के दोस्त अमित को गिरफ्तार कर लिया, जिसकी उम्र 30 साल बताई जा रही है। डीसीपी मेघना यादव ने बताया कि पुलिस अमित के दोस्तों के इस अपराध में शामिल होने के मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने बताया, जांच के दौरान पता चला है कि अमित यूपी के बागपत जिले का रहने वाला है। एक कॉमन फ्रेंड के जरिए वो पीड़िता के संपर्क में आया था। उसने युवती को कम ब्याज दर पर होम लोन दिलाने का वादा किया था। इसी सिलसिले में अमित ने पीड़िता को सोमवार को मॉल के पास मुलाया था। पुलिस के मुताबिक, वहां पर अमित के अलावा उसके दो दोस्त भी थे। उन्होंने पीड़िता को जूस दिया जिसमें नशीली दवा मिलाई गई थी। जब युवती बेहोशी की हालत में आने लगी, उन तीनों ने पीड़िता के साथ गैंगरेप किया। पुलिस ने इस मामले में अमित के खिलाफ बलात्कार का मामला दर्ज कर लिया है और उससे अन्य दो दोस्तों के बारे में पूछताछ की जा रही है।पता चला है कि प्रारंभिक तौर पर मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ है। दरअसल, युवती द्वारा घटना सोमवार की बताई गई है तो क्या वह सोमवार से बुधवार तक कार मेम ही रही, जब उसे रोता देख किसी ने पुलिस को सूचना दी और वहां पुलिस पहुंच सकी।
