लखनऊ। चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सीमा शुल्क विभाग के अधिकारियों ने मस्कट से तस्करी कर लाया जा रहा 775 ग्राम विदेशी सोना धर लिया। इसकी कीमत 26,81,500 रुपये बताई जा रही है। यह सोना बिजली के एक्सटेंशन बॉक्स और रेती में ढलवा कर पॉलिस कराकर लाया जा रहा था।आज मस्कट से आई फ्लाइट संख्या WY-261 अमौसी स्थित चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर पहुंची। सीमा शुल्क विभाग के अधिकारियों ने वेस्ट चंपारन बिहार निवासी जुगनू अंसारी का लगेज चेक किया। इसमें इलेक्ट्रिक एक्सटेंशन और एक रेती को देखकर टीम को संदेह हुआ। जांच करने पर रेती में सोने की पुष्टि हो गई। साथ ही एक्सटेंशन बोर्ड को खंगाला गया तो उसमें लगे तार सोने के पाए गए। आयुक्त वीपी शुक्ल के निर्देश पर सीमा शुल्क की उपायुक्त निहारिका लाखा ने जांच कराई। जांच टीम में अजीत कुमार किसपोटा, सीबी सिंह, अफी सिद्दीकी, एसकेएस चौहान, विमल श्रीवास्तव, अभिषेक कुमार यादव, श्रवण कुमार कुशवाहा, प्रवीन मिश्र आदि कई कस्टम अधिकारी मौजूद रहे। तस्कर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
