लखनऊ:-राजधानी में चर्चित मामला नाका कोतवाली क्षेत्र स्थित होटल सेतु शर्मा में नर्सिंग छात्रा हत्याकांड का आरोपित डॉ. राजेश त्रिपाठी को मध्य प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपित ने पुलिस पूछताछ में चौकाने वाली बात बताई है। उसका कहना है कि खराब चाल चलन को लेकर नर्स की हत्या की थी। फिलहाल पुलिस आरोपित से पूछताछ कर हर पहलू पर मामले की छानबीन में लगी है। प्रदर्शन में शामिल होने की बात कहकर घर से निकली-
11 जून 2016 को समता ने चित्रकूट में कर्बी के मानिकपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में संविदा पर स्टाफ नर्स के पद पर ज्वॉइन किया था। आरोपित राजेश त्रिपाठी आयुष डाक्टर था। वहीं दोनों की मुलाकात हुई थी। 8 माह बाद समता का ट्रांसफर फैजाबाद बिकापुर हो गया। समता वर्तमान में अंबेडकर नगर के बिकापुर में स्टाफ नर्स की ट्रेनर थी। 26 जनवरी को अस्पताल में ध्वजारोहण के बाद परिवारीजनों से लखनऊ में चल रहे संविदा कर्मियों के प्रदर्शन में शामिल होने की बात कहकर घर से निकली थी।
29 जनवरी को बेटी का मोबाइल स्विच ऑफ-
अंबेडकर नगर के महरुवा क्षेत्र के पिलाई सुभाकर गांव निवासी समता के पिता संतदेव निषाद का कहना था कि बेटी कटेहरी ब्लाक में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में संविदा पर नर्स और ट्रेनर थी। 27 जनवरी को बेटी से बात हुई थी। उसने बताया कि वह अपनी सहेली के यहां पर है। सुबह लखनऊ जाएगी। 28 को बात हुई तो बेटी ने कहा कि वह लखनऊ में है। 29 जनवरी को बेटी का मोबाइल स्विच आफ हो गया। 30 जनवरी की देर रात पुलिस ने फोन कर बेटी की मौत की सूचना दी। उन्होंने बताया कि डॉ. राजेश त्रिपाठी संविदा पर आयुष डॉक्टर थे। वह बेटी से बात करते रहते थे।
आरोपित की तलाश फतेहपुर तक, नहीं मिला सुराग-
आरोपित डॉक्टर की तलाश में पुलिस टीमें महोबा स्थित उसके घर गईं थीं, लेकिन वहां वह नहीं मिला था। उसके बाद आखरी लोकेशन फतेहपुर में मिली, लेकिन उसके बाद आरोपित का मोबाइल ऑफ हो गया।
ये था पूरा मामला-
गौरतलब है कि मूलरूप से अंबेडकरनगर निवासी नर्स समता (24) अपने डॉक्टर साथी महोबा निवासी राजेश तिवारी के साथ बुधवार (30 जनवरी)तक होटल में रुकी थी। इसी दिन राजेश तिवारी ने होटल के कमरे को चेक आउट करने को कहा था। होटल का स्टाफ बुधवार रात जब कमरे के बाहर पहुंचा तो उसमें ताला लगा था, जिसपर उन्हें लगा कि पैसे न देने पड़े इसलिए दोनों बिना बताए चले गए। शक होने पर मास्टर-की से कमरा खोला गया। कमरे के अंदर बाथरूम में युवती का शव मिला। गले में दुपट्टा कसा था। सीसी कैमरे की फुटेज में सुबह दस से 11 के बीच में आरोपित डॉक्टर कमरे से बाहर निकलते हुए दिखा। वह होटल के अंदर नहीं आया।
