मुंबई, एएनआइ। मुंबई पुलिस ने 58 साल के एक डॉक्टर को 27 साल की महिला मरीज के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म करने और ब्लैकमैल करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक डॉक्टर ने महिला के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसका वीडियो बना कर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया।
पीड़िता की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज करने के बाद मेघवाड़ी पुलिस स्टेशन की एक टीम ने रविवार को आरोपी को गिरफ्तार किया।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मनोज शर्मा ने बताया कि ये मामला 2015 में सामने आया था। दरअसल, पीड़ित महिला डॉक्टर वंशराज द्विवेदी से बवासीर का इलाज करवाने गई थी। इस दौरान डॉक्टर ने महिला को बेहोश कर दिया और महिला के साथ दुष्कर्म किया। यही नही इस दौरान उसका वीडियो बना कर उसको ब्लैकमेल भी किया।
उन्होंने बताया कि महिला की शिकायत के अनुसार आरोपी डॉक्टर पिछले एक साल से उसे ब्लैकमेल कर रहा था। यही नहीं इस दौरान महिला की शादी के बाद भी डॉक्टर महिला को लगातार ब्लैकमेल करता रहा। जानकारी के मुताबिक, जब महिला ने डॉक्टर का फोन उठाना बंद कर दिया, तो आरोपी डॉक्टर ने सोशल मीडिया पर उसका वीडियो वायरल कर दिया।
पीड़ित महिला के पति को जब इस पूरी घटना के बारे में पता चला तो उन्होंने अपनी पत्नी का पूरा साथ दिया। उन्होंने पुलिस में जाकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर दिया गया है। 17 अक्टूबर 2019 तक के लिए आरोपी को पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है और पूरे मामले की छानबीन की जा रही है।