इंदौर। रिश्तेदार के घर गर्मी की छुट्टियां बिताने गई सातवीं की छात्रा से एक युवक ने दुष्कर्म किया। बदनामी के डर से छात्रा ने परिजन से घटना छिपा ली। सोमवार को गरबा खेलने के दौरान छात्रा बेहोश हुई तो परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे। मंगलवार को छात्रा ने पांच महीने के शिशु को जन्म दिया तो पता चला, उससे दुष्कर्म हुआ है। घटना भंवरकुआं थाना क्षेत्र स्थित पालदा की है। पुलिस ने मंगलवार को बागली निवासी 20 वर्षीय महाविद्यालय छात्र के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज किया है। पुलिस ने बताया आरोपित रिश्ते में भाई लगता है।
ये है पूरा मामला:-
किशोरी के परिजनों ने बताया कि वो इस साल अप्रैल-मई में देवास के बागली में रिश्तेदार के यहां गर्मी की छुट्टियां मनाने गई थी। यहां कॉलेज में पढ़ने वाले युवक ने उसके साथ संबंध बनाए। इसके बाद युवक दोबारा संबंध बनाने के लिए उसे ब्लैकमेल करने लगा। बदनामी के डर से लड़की ने मुंह बंद रखा। इसी का फायदा उठाते हुए युवक ने छात्रा के साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए। इसी दौरान वो गर्भवती भी हो गई थी। गर्मी की छुट्टियां खत्म होने के बाद लड़की अपने घर आ गई। इसी दौरान वो गर्भवती हो गई। लेकिन घऱवालों को इसका पता नहीं चला।
सोमवार रात को छात्रा पालदा में गरबे खेलने गई थी। इसी दौरान उसकी तबीयत बिगड़ गई और वो बेहोश हो गई। घबराए परिजन उसे लेकर महाराजा यशवंत राव होलकर अस्पताल पहुंचे। यहां जब जांच हुई तो पता चला कि छात्रा को पांच महीने का गर्भ है। इसके बाद डॉक्टरों ने मंगलवार को प्री-मेच्योर डिलीवरी कराई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। घटना देवास जिले के बागली की होने की वजह से पुलिस ने शून्य पर केस दर्ज कर इसे देवास भेज दिया है। पुलिस ने आरोपित को पकड़ने के लिए टीमें गठित कर दी हैं। जल्द ही इसे पकड़ लिया जाएगा।