उज्जैन/उन्हेल/नागदा। उन्हेल-नागदा मार्ग पर गुरुवार रात एक डंपर ने कार को टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में कार में सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दो लाेग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। जानकारी के अनुसार मृतकों में एक चार साल की बच्ची, दो महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं।
पुलिस कर रही है टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश:-
हालांकि कुछ लोगों के अनुसार किस वाहन ने कार को टक्कर मारी है यह स्पष्ट जानकारी नहीं है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार को डंपर ने टक्कर मारी। पुलिस अब टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश कर रही हैै। पुलिस अभी इस मामले में उपलब्ध नंबरों के आधार पर हताहत लोगों के परिजनों से संपर्क का प्रयास कर रही है।
नागदा निवासी परिवार शादी में उज्जैन गया था:-
इस भीषण हादसे के संबंध में प्राप्त प्रारंभिक जानकारी के अनुसार नागदा निवासी एक परिवार शादी में उज्जैन गया था। गुरुवार रात सभी कार से नागदा लौट रहे थे। इस दौरान उन्हेल के करीब पिपलियामोलू के पास सामने से आ रहे डंपर ने कार को सामने से टक्कर मार दी। बताया जाता है कि कार में करीब सात लोग सवार थे।
दुर्घटना में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया:-
जानकारी के अनुसार दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों को नागदा सिविल अस्पताल ले जाया गया।
वहीं दो गंभीर घायल कैलाश पिता गोवर्धन और सपता पति गजराज को उज्जैन अस्पताल रैफर किया गया है। मृतकों की शिनाख्त देर रात तक नहीं हो पाई थी।

